मोतीलाल का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूर्णीय क्षति: राजनाथ शर्मा
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)
बाराबंकी। वयोवृद्ध गांधीवादी, समाजवादी एवं वरिष्ठ राजनेता मोतीलाल वोरा के निधन पर गाँधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डाॅ सी.एम मिश्रा, समाजसेवी जमील-उर-रहमान, विनय कुमार सिंह, मृत्युंजय शर्मा, पाटेश्वरी प्रसाद, संजय सिंह, नीरज दूबे, विजय कुमार सिंह, अनुपम सिंह राठौर, पीके सिंह ने गहरी संवेदना एवं दुख प्रकट किया है। गाँधी भवन में आयोजित शोकसभा की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी चिंतक राजनाथ शर्मा ने कहा कि मोतीलाल वोरा के निधन से व्यक्तिगत रूप में मुझे गहरा सदमा लगा है। उनके साथ एक युग का अंत हो गया। मुझे उन्हें करीब से जानने का मौका मिला था, उनका प्यार, मधुर स्वभाव और सरलता हमेशा याद आएगी। शर्मा ने बताया कि उप्र के राज्यपाल रहते हुए वोरा जी हर साल गाँधी जयंती के कवि सम्मेलन और मुशायरे में शिरकत करते थे। उनका गाँधी ट्रस्ट की गतिविधियों से विशेष लगाव रहता था। मोतीलाल वोरा के राजनीतिक जीवन में उनका कुशल नेतृत्व, सादगी ही उनकी पहचान थी। भारतीय समाज ने एक मजबूत स्तंभ और मजबूत इरादों वाले राजनीतिक शख्सियत को खो दिया है। सभा में उपस्थित समाजसेवी जमील-उर-रहमान ने कहा कि मोतीलाल वोरा का आकस्मिक निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। वह कांग्रेस की विचारधारा के प्रति निष्ठा, समर्पण और धैर्य के प्रतीक थे। डाॅ सी.एम मिश्रा ने कहा कि मोतीलाल वोरा राजनीतिक सुचिता के लिए पहचाने जाने वाले महान नेता थे। उनके निधन से पत्रकारिता, राजनीति और समाजसेवा के क्षेत्र में गहरा दुख पहुंचा है जिसकी भरपाई आने वाले दिनों में संभव नहीं है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

