प्रयास करो और खुद एक चमत्कार बन जाओ: जैनेन्द्र कुमार एबीएसए ने वितरित किये निःशुल्क जूते

मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

बाराबंकी। शहर के मोहल्ला पीरबटावन स्थित प्राथमिक विद्यालय भितरी पीरबटावन में आज विद्यालय के छात्र-छात्राओं हेतु निःशुल्क जूते का वितरण नगर के खण्ड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। कड़कड़ाते की इस ठण्ड में वितरित हुए निःशुल्क जूते प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में मौजूद नगर के खण्ड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार ने बच्चों को सम्बोधित करते हुये कहा कि आप सब अपने जीवन में चमत्कार होने का इंतजार मत करो, प्रयास करो और खुद एक चमत्कार बन जाओ। जब आप किसी काम की शुरुआत करें, तो असफलता से मत डरें और उस काम को न छोड़ें। जो लोग ईमानदारी से काम करते हैं, वो सबसे प्रसन्न होते हैं। जीवन में हार तब नहीं होती, जब आप हारते हैं, हार तो तब होती है जब आप हार मान लेते हैं। इसलिये आप सबको अपनी पढ़ाई के प्रति ईमानदार और दृढ़ संकल्पित रहना होगा क्योंकि ईमानदारी से किये गये प्रयास से सफलता अवश्य हासिल होती है। जितना कठिन संघर्ष होगा, जीत उतनी ही शानदार होगी। इसके साथ-साथ उन्होंने प्रदेश सरकार का धन्यवाद भी प्रकट किया और बताया कि कोरोना जैसे संकट काल के समय में जिस तरह से प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों की पढ़ाई के लिए योगदान दिये जा रहे हैं उसका जितना धन्यवाद दिया जाए कम है। वास्तव में सरकार के इस सराहनीय प्रयास से निश्चित ही हमारे बच्चों को सफलता मिलेगी और वे भविष्य में कामयाब होकर हमारे देश का नाम रौशन करेंगे। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका स्वालिहा सिद्दीकी ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी का आभार भी प्रकट किया। इस मौके पर मुख्य रूप से वार्ड के सभासद मो. नईम, एस.एम.सी. अध्यक्ष निशा, खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से पुनीत, सन्दीप, प्रवेश, चाँद तथा समस्त छात्र-छात्राएँ व अभिभावक गण भी मौजूद रहें।

मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

 

 

 

 

Don`t copy text!