डीएम की अध्यक्षता में सुशासन दिवस कार्यक्रम की तैयारी बैठक सम्पन्न
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)
बाराबंकी। जिलाधिकारी डॉ आदर्श सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती के अवसर पर सुशासन दिवस कार्यक्रम की तैयारी सम्बन्धी बैठक आहूत हुई। बैठक में बताया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के जयन्ती के अवसर पर 25 दिसम्बर को 10ः30 बजे से सुशासन दिवस का कार्यक्रम आयोजन किया गया है। जनपद स्तर पर यह कार्यक्रम जीआईसी आॅडिटोरियम, में आयोजित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी विकास खण्डो में यह कार्यक्रम आयोजित होगा इसके लिए नोडल अधिकारियो की तैनाती की जा चुकी है। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जायेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 बजे से पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी जी के जयन्ती के अवसर पर संबोधित करेंगे, इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण डीडी नेशनल, डीडी यूपी, एएनआई एवं अन्य न्यूज चैनलो द्वारा किया जायेगा तथा वेव कास्टिंग के माध्यमो से भी देखा जा सकता है। जिलाधिकारी ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संबंधित अधिकारियो, कर्मचारियो को समय से आवश्यक कार्यवाही करने को कहा है। ब्लाक स्तर पर आम लोगो को कार्यक्रम देखने हेतु एलईडी टीवी भी लगाया जा रहा है इस हेतु उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं सूचना विभाग के अधिकारियो को निर्देश दिया गया है। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी मेधा रूपम, अपर जिला अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता, समस्त उपजिलाधिकारी, उपकृषि निदेशक अनिल सागर, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, अपर जिला सूचनाधिकारी आरती वर्मा सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
किसान होंगे शामिल
बाराबंकी। इन कार्यक्रमों का प्रत्येक विकासखण्ड स्तर तथा मण्डी परिसरों पर संयोजन कृषि विभाग द्वारा किया जायेगा। इसमें सहकारिता, पशुपालन, उद्यान, दुग्ध विकास, गन्ना आदि विभागों से सम्बंधित अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक विकासखण्ड में 500 किसान प्रतिभाग करेंगे। उपरोक्त के अतिरिक्त उद्यान एवं पशुपालन से 50-50 कृषक भी प्रतिभाग करेंगे। इसी प्रकार मण्डी परिसरों में भी उक्त कार्यक्रम का आयोजन मण्डी परिषद, सम्बंधित मण्डी समितियों द्वारा किया जायेगा। गोष्ठी में प्रदेश में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं तथा सरकार की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी जायेगी। उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री, भारत सरकार द्वारा मध्यान्ह 12 बजे से कृषकों को सम्बोधित भी किया जायेगा। इस आयोजन हेतु कृषकों के बैठने की व्यवस्था विकासखण्ड, अन्य चयनित स्थल पर (कोविड प्रोटोकाल के अनुसार) की जायेगी तथा प्रधानमंत्री के उद्बोधन के सजीव प्रसारण को देखने हेतु गोष्ठी में एक एलईडी टीवी की व्यवस्था खण्ड विकास अधिकारी द्वारा की जायेगी, भुगतान कृषि विभाग द्वारा किया जायेगा। कृषक से संवाद के उपरांत कृषि उत्पादन तकनीकी एवं प्रदेश में कृषकों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की चर्चा भी सम्बंधित विभागों द्वारा की जायेगी। इस कार्यक्रम हेतु समुचित बैठने की व्यवस्था भी तदानुसार करायी जायेगी। इस कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, पशुपालन विभाग, गन्ना विभाग, दुग्ध विकास विभाग द्वारा सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी तथा कृषि विभाग फोल्डर तैयार कर कृषि सम्बंधित साहित्य का वितरण कराया जायेगा।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

