मसौली बाराबंकी। टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारियों ने ट्रक चालक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बीच बचाव करने पहुँचे छोटे भाई को भी कर्मियों के कोप का शिकार होना पड़ा। आधा घंटे तक कर्मचारियों के तांडव से मौके पर भीड़ जमा हो गई। लहूलुहान ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा घायल की तहरीर पर मसौली ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदोसराय थाना क्षेत्र के ग्राम मेलारायगंज निवासी ट्रक चालक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता पुत्र सहजराम ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बीती रात्रि ट्रक नम्बर यूपी 41 ए टी 6151 से आरसीसी गिट्टी लेकर गोण्डा जा रहा था। शहाबपुर टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारी वाहन के ओवरलोड होने की बात कहने लगे जिस पर चालक ने कांटा पर्ची दिखाते हुए अंडरलोड होने की बात कर दोबारा तौल कराने का सुझाव दिया। टोल पर कांटा कराने पर ट्रक ओवरलोड नही निकला फिर भी टोलकर्मी ओवरलोड की बात पर अड़े रहे जिससे कहासुनी होनी लगी और देखते ही देखते टोलकर्मी ट्रक चालक पर टूट पड़े। बचाव करने पर खलासी का कार्य करने वाले छोटे भाई अनिल पुत्र सहजराम की भी पिटाई कर दी। ट्रक चालक व खलासी की पिटाई होते देख अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तथा मसौली पुलिस ने घायल की तहरीर पर चार टोलकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शर्मा ने बताया कि बीती रात्रि करीब 9 बजे ट्रक चालक एव टोल कर्मियों के बीच ओवरलोड को लेकर मारपीट की जानकारी मिली है घायल की तहरीर पर टोलकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जाँच की जा रही हैं।
मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता मसौली बाराबंकी।7874257456

