कछौना(हरदोई)।कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बालामऊ में संदिग्ध अवस्था में एक बुजुर्ग महिला की लूट कर हत्या की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, क्षेत्राधिकारी बघौली, प्रभारी निरीक्षक बघौली, प्रभारी निरीक्षक कछौना व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका की बहू के शिकायती पत्र पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से गांव में भय व्याप्त है।
कोतवाली क्षेत्र कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा बालामऊ में मृतका मिथिलेश कुमारी उम्र लगभग 58 वर्ष पत्नी स्वर्गीय जितेंद्र प्रसाद अपने बुजुर्ग सास-ससुर के साथ रहती थीं। शुक्रवार की रात अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर मृतका की हत्या कर लूट की घटना को अंजाम दिया। परिजन शनिवार की सुबह जगाने के लिए गये तो देखा कि मृतका का शव बिस्तर पर पड़ा था, उसकी गला दबाकर हत्या की जा चुकी थी। सिर में चोट के निशान भी थे। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। नगदी सहित जेवर भी गायब थे। परिजनों ने पूरे मामले की सूचना कोतवाली कछौना को दे दी जिस पर प्रभारी निरीक्षक हंसमती अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने इस पूरे मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। लूट व हत्या की घटना से आनन-फानन में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, क्षेत्राधिकारी बघौली, प्रभारी निरीक्षक बघौली व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। मृतका के 2 पुत्रों में एक बड़े लड़के ने 15 वर्ष पूर्व पारिवारिक कलह में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी एवं दूसरा लड़का रितेश 6 माह पूर्व गांव की एक दुष्कर्म की घटना में जेल में बंद है। मृतका की बहू मीरा की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ तोता पुत्र श्रीकृष्ण, सुमित पुत्र मुरारी, राजेश पुत्र रामभरोसे व अंकित पुत्र राजेश समस्त निवासी बालामऊ के खिलाफ हत्या का मामला पंजीकृत कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए सक्रिय हो गई। पुलिस सभी बिंदुओं का बारीकी से जांच कर रही है। घटना के पीछे उधारी की रकम न देने की नियत नजर आ रही है।

