पाली,हरदोई ।नगर में साइकिल चोरी की घटना रुकने का नाम नही ले रही हैं। मंगलवार की दोपहर थाने से चंद कदम की दूरी से चोरों ने घरेलू सामान से लदी छात्र की साइकिल पार कर दी। पीड़ित ने थाने में सूचना दी है।
पाली थाना क्षेत्र के बेहटी गांव निवासी अजय सिंह पुत्र महेंद्र सिंह नगर के भारतीय इंटर कॉलेज का छात्र है। मंगलवार की दोपहर घर जाते समय वह घर के लिए घरेलू सामान खरीदने लगा, इसके बाद बाजार में थाने से चंद कदम दूर स्थित एक जनरल स्टोर की दुकान के बाहर सामान लदी साइकिल खड़ी कर टार्च के सेल खरीदने के लिए दुकान के अंदर चला गया। इतनी देर में चोरों ने सामान लदी उसकी साइकिल पार कर दी, दुकान से बाहर आने पर साइकिल गायब देख पीड़ित ने रोना शुरू कर दिया। जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई। पीड़ित ने परिजनों को फोन कर सूचना दी। पीड़ित के मुताबिक साइकिल पर लगभग 2 हजार रुपये का सामान लदा था। परिजनों ने मौके पर आकर थाने में तहरीर दी है। एसओ राजेश राय ने बताया घटना संज्ञान में है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

