संदिग्ध हालात में कमरे में लटका मिला महंत का शव
एसएम न्यूज़24टाइम्स नेटवर्क उत्तर प्रदेश भारत 9889789714
जलालपुर। कटका थाना अंतर्गत मुंडेरा बाजार स्थित शिव पार्वती मंदिर के महंत का शव सोमवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मंदिर परिसर स्थित आवास में छत से फंदे पर लटका मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। उधर, प्रत्यक्षदर्शियों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शव का पैर भूमि से छू रहा था। ऐसे में हत्या की आशंका है।
कटका थाना अंतर्गत मुंडेरा बाजार स्थित शिव पार्वती मंदिर में सोमवार को सुबह जब कुछ श्रद्धालु पूजन-अर्चन के लिए पहुंचे, तो वहां महंत रामजी तिवारी (75) नहीं मिले। इस पर श्रद्धालु पूजा के बाद उन्हें आवाज देते हुए मंदिर परिसर स्थित उनके आवास की तरफ गए। कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर देखा, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। महंत का शव रस्सी के सहारे छत से लटक रहा था। उनका पैर भूमि को छू रहा था।
कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच जानकारी होते ही कटका थानाध्यक्ष विजय तिवारी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
बताया जाता है कि रामजी तिवारी आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना अंतर्गत धर्मापट्टी गांव के निवासी थे। वह लगभग एक दशक से संबंधित मंदिर में महंत का कार्य करते थे। सोमवार भोर में कुछ श्रद्धालु वहां पहुंचे थे, तो महंत ने ही न सिर्फ पूजन-अर्चन किया, बल्कि श्रद्धालुओं को प्रसाद भी बांटा था। इसके बाद वह कमरे में चले गए थे। बताया जाता है कि तीन दिन पहले ही वह घर से लौटे थे।

