कुमकुम की हत्या एक सुनियोजित साजिश तो नहीं

आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश

बसखारी। थाना क्षेत्र के भिदूर गांव में दिल को झकझोर देने वाली घटना का खुलासा तो पुलिस ने कर दिया, लेकिन क्या वास्तव में मासूम की हत्या के पीछे मात्र बकरी के भोजन खा जाने का मामूली विवाद ही कारण था। कुछ वर्ष पूर्व ही मासूम की ढाई वर्षीय बहन की भी हत्या कर दी गई थी। अब मासूम की हत्या ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। इसे लेकर ग्रामीणों में चर्चाओं और कानाफूसी का दौर जारी है। चर्चाओं के अनुसार यह हत्या कहीं भूमि पर कब्जा करने के लिए तो नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ठीक ढंग से जांच पड़ताल हो तो बड़ा खुलासा हो सकता है।
मालूम रहे कि दो दिन पूर्व ही बसखारी थाना अन्तर्गत भिदूर गांव में लल्लू की 13 वर्षीय पुत्री कुमकुम की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। घटना को उस समय अंजाम दिया गया था, जब घर में वह अकेली थी। उसकी मां खेत की तरफ गई हुई थी, उसका पिता दूसरे प्रांत में निजी नौकरी करता है। हत्या का आरोप मासूम के बाबा, बड़ी मां समेत चचेरे भाई पर लगा। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर चार आरोपियों के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
मंगलवार को पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए बाबा व बड़ी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना के पीछे कारण बकरी द्वारा खाना खा लिया जाना बताया गया। हालांकि पुलिस की यह कहानी ग्रामीणों को हजम नहीं हो रही है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व कुमकुम की ढाई वर्षीय बहन की भी हत्या कर दी गई थी। लेकिन तब यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंच सका था। अब कुमकुम की हत्या को उसी हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। लल्लू के और कोई संतान अब नहीं है। ऐसे में चर्चा है कि कहीं यह हत्या उसकी 12 बिस्वा भूमि को लेकर तो नहीं कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मामले की गहनता से जांच की जाए, तो बड़े मामले का खुलासा हो सकता है।

आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश

Don`t copy text!