बाराबंकी। कोतवाली रामसनेहीघाट अन्तर्गत घर से लापता एक 25 वर्षीय युवक की लाश संदिग्ध अवस्था में एक जंगल में पेड़ के सहारे लटकती हुई मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। जानकारी के अनुसार, बीती 22 जून की शाम को कोतवाली रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम पूरे पचई मजरे सकतपुर निवासी 25 वर्षीय नीरज रावत पुत्र बाबूलाल रावत मंगलवार शाम को घर से निकला देर तक वापस न आने पर घर वालों ने ढूढना शुरु किया। लेकिन कहीं उसका पता नही चला। बीती रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने ग्राम सकौली के पास स्थित जंगल में लगे चिलबिल के पेड़ से गमछे के सहारे नीरज की लाश लटकती हुई देखी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। बाद में उसकी शिनाख्त नीरज के रुप में की गयी। थाना प्रभारी ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। घटना के बारे में थाना प्रभारी का कहना था कि देखने से मामला आत्महत्या का नजर आ रहा है। लेकिन सारी हकीकत पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी।
मुकेश कुमार बाजपाई संवाददाता थाना क्षेत्र रामसनेहीघाट 8787223706

