पंजाब कांग्रेस की अंतर्कलह का कारण बने नवजोत सिद्धू ने आज आम आदमी पार्टी की शान में खूब कसीदे पढ़े. सिद्धू ने कहा कि मेरे विजन और पंजाब के लिए काम को आम आदमी पार्टी ने हमेशा पहचाना है. फिर चाहे वह 2017 से पहले की बात हो, ड्रग्स, किसानों के मुद्दे, भ्रष्टाचार हो या बिजली संकट का सामना. सिद्धू ने कहा कि आज जब मैं पंजाब मॉडल पेश कर रहा हूं तो यह स्पष्ट है कि वे जानते हैं कि वास्तव में पंजाब के लिए कौन लड़ रहा है.
साथ ही पंजाब कांग्रेस में नया बखेड़ा शुरू हाे गया है. पार्टी में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व नवजोत सिंह सिद्धू के बीच विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है और अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है. अब गिद्दड़बाहा के कांग्रेस विधायक अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग ने नया मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने पंजाब के वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर हमला बोला है. वडि़ंग ने ट्वीट कर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि मनप्रीत बादल से तुरंत इस्तीफा ले लिया जाए. वडि़ंग ने इंटरनेट मीडिया पर कुछ तस्वीरें करके अकालियों को ग्रांट देने के मामले में वित्त मंत्री मनप्रीत बादल पर कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया है. वहीं उन्होंने इसकी शिकायत पार्टी के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ से भी की है.

