…तो दो भाईयों ने लूटकाण्ड की रची थी फर्जी साजिश पुलिस ने प्रेसवार्ता कर किया घटना का खुलासा
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। कोतवाली हैदरगढ़ अन्तर्गत दो दिन पूर्व लुटेरों द्वारा गोली मार करके दो सर्राफा भाईयों से लाखों के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद लूट ले गये थे। उक्त घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। लूट की घटना घटी नही थी। दोनो सगे भाईयों ने फर्जी लूट की घटना दिखाकर जेवरात हड़पने की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने दोनो सगे भाईयों को गिरफ्तार करके धारा 420, 203 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को बधाई दी है। जानकारी के अनुसार, बीती 28 अगस्त की शाम करीब 7 बजे कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम लाही निवासी दिलीप कुमार सोनी और दीपक कुमार सोनी पुत्रगण ठाकुर प्रसाद सोनी ने कोतवाली हैदरगढ़ में आ करके यह मुकदमा दर्ज कराया था कि अपनी दुकान बंद करके घर के लिये आ रहे थे कि तभी शराब ठेके के पास प्लैटीना गाड़ी सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मार करके घायल कर दिया और जेवरात भरा बैग लूटकर फरार हो गये। लूट की घटना की सूचना के बाद कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ बृजेश कुमार वर्मा ने मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरु कर दी थी। उक्त घटना के खुलासे के लिये क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ नवीन सिंह की देख रेख में दो टीमें गठित की गयी थी। लगातार दो दिनों तक पुलिस अधिकारी परेशान रहे लेकिन मामले की तह तक नही पहुंचे। उसके बाद जब उन्होने जांच पड़ताल शुरु की तो अधिकारियों को लूट की घटना फर्जी प्रतीत हुई। मंगलवार की सुबह पुलिस अधिकारियों ने दोनो सगे भाईयों दिलीप सोनी और दीपक सोनी को गिरफ्तार करके पूछतांछ शुरु की तो सारी हकीकत खुलकर सामने आ गयी। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि वादी दिलीप सोनी की कोई स्थायी दुकान नही है। वह अपने ही परिवार के आर.के. ज्वैलर्स हैदरगढ़ पिन्टू सोनी से 7500 रुपये व रंजीत गुप्ता पुत्र संतोष गुप्ता निवासी शाहपुर थाना शिवगढ़ जनपद रायबरेली से 14000 रुपये लिया था। नकद रुपये और ज्वैलरी न देने के कारण इन दोनो भाईयों ने लूट की फर्जी घटना का प्लान बनाया था। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि लाही मेन रोड पर स्थित पेट्रोल पम्प के पास सीसी टीवी कैमरा लगा हुआ है तो उस कैमरे से भी काफी हकीकत खुलकर सामने आ गयी। उन्होने यह भी बताया कि दोनो भाई जो निशान गोली का बता रहे हैं गोली लगने का कोई भी निशान नही पाया गया। घटनास्थल के आस पास काफी मात्रा में घर बने हुए हैं। वहां के लोगों ने भी इस तरह के घटना की कोई जानकारी नही दी। उन्होने यह भी बताया कि जो प्लैटीना गाड़ी द्वारा लूट की घटना में प्रयोग की गयी बतायी जा रही थी वह गाड़ी भी इन भाईयों के घर से बरामद की गयी। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को इस गुडवर्क की बधाई दी है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

