एक्स-रे टेक्नीशियन पर रिश्वत एवं अभद्रता का आरोप जिला चिकित्सालय का मामला
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने के भरसक प्रयास कर रही है। तो दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के मातहत निज स्वार्थ के लिए योगी सरकार के प्रयासों पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं। उनकी छवि को समाज के समक्ष धूमिल कर रहे हैं। अनेक प्रकरण का अक्सर अनावरण भी होता रहा है। जिला चिकित्सालय के एक कार्मिक के विरुद्ध धन उगाही एवं अभद्रता की शिकायत की गई है। जानकारी के मुताबिक कोतवाली नगर क्षेत्र के मखदूमपुर निवासी पीड़ित अनिल कुमार वर्मा ने विगत एक अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिलाधिकारी को शिकायती पत्र प्रेषित कर न्याय की अर्जी लगाई है। बकौल पीड़ित, वह विगत 30 जुलाई को करीब एक बजे दोपहर डाक्टरी मुआयना का एक्स-रे कराने जिला चिकित्सालय के कक्ष संख्या 18 में गया। जहां मौजूद कर्मचारी द्वारा ये कहा गया कि आज समय समाप्त हो गया है, कल आना। शिकायतकर्ता द्वारा निवेदन किया गया कि सर अस्पताल का समय दो बजे तक है, आज ही कर दीजिए। इस पर वो काफी नाराज होकर डांटने लगे और कहने जितना कह रहा हूं, उतना सुनो। मुझे ड्यूटी करना न सिखाओ। और काफी अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया। उस दिन शिकायतकर्ता चला गया। अगले दिन 31 जुलाई को करीब 11 बजे गया, तो फिर से उनके द्वारा कहा गया कि आज नहीं हो पाएगा, आज कार्य अधिक है। कल रविवार है। सोमवार को आना। शिकायतकर्ता अनिल द्वारा काफी अनुरोध करने पर उनके द्वारा बताया गया कि शुल्क लगेगा। उक्त कर्मचारी ने 2000 रुपये लिए, तब जाकर लगभग एक बजे एक्स-रे किया। शुल्क की रशीद मांगने पर कहा कि इसकी कोई रशीद नहीं मिलती है, जाओ तुम्हारा काम हो गया है, रिपोर्ट सोमवार को मिलेगी। इसके बाद उक्त कर्मचारी के बारे में पता लगाने पर पता चला कि कर्मचारी का नाम सुमन्त चतुर्वेदी है, जो कि एक्स-रे टेक्नीशियन के पद पर काफी समय से जिला चिकित्सालय बाराबंकी में कार्यरत है। काफी तानाशाहीपूर्ण रवैया मरीजों के प्रति अपनाते हैं। शिकायतकर्ता अनिल कुमार वर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों से शुल्क की रशीद दिलाने, यदि शुल्क नहीं पड़ता है, तो रुपये वापस दिलाने के साथ ही साथ उक्त कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने की गुहार लगाई है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो और न ही गरीब जनता का शोषण हो।

कार्रवाई अभाव में भेजा अनुस्मारक
शिकायतकर्ता ने कार्रवाई अभाव में 16 अगस्त को पुनरू मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री जनता दर्शन मुख्यमंत्री आवास लखनऊ अनुस्मारक प्रथम पत्र भेजकर न्याय दिलाने की अपील की है।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे भाजपा कार्यकर्ता

सत्ताधारी दल भाजपा सरकार में जब भाजपा कार्यकर्ता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन कैसे सुरक्षित रह सकता है। शिकायतकर्ता अनिल कुमार वर्मा के मुताबिक वह भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता है। मखदूमपुर वार्ड से भाजपा का सभासद प्रत्यासी भी रह चुका है। अक्सर भ्रष्ट लोकसेवको द्वारा कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न की खबरें सुर्खियां बनती रही हैं। हाल ही जनपद मे एक भाजपा कार्यकर्ता के उत्पीड़न प्रकरण में सांसद उपेन्द्र सिंह रावत ने सम्बन्धित धान क्रय अधिकारी की क्लास लगाई थी। जिसका ऑडियो खूब वायरल हुआ था।
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

