राज्य कर्मचारियों ने निकाला विशाल मशाल जुलूस
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। कर्मचारी शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर शानिवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जनपद बाराबंकी के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एक विशाल मशाल जुलूस निकाला। मशाल जुलूस का नेतृत्व परिषद के अध्यक्ष आर पी सिंह तथा जिला मंत्री डॉ आर पी सिंह विसेन ने किया। मशाल जुलूस शाम 5ः15 बजे जिला चिकित्सालय बाराबंकी से प्रारंभ होकर पटेल तिराहा होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा। कर्मचारी हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी कर रहे थे। परिषद के जिला अध्यक्ष आर पी सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की कई समस्याओं के निराकरण हेतु शासन स्तर पर कई बार वार्ता के बावजूद अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। कर्मचारी काफी समय से पुरानी पेंशन बहाली, सातवें वेतन आयोग के उपरांत व्याप्त वेतन विसंगतियां दूर करने, कर्मचारियों का 01 जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2021 तक महंगाई भत्ते का एरियर अनुमन्य किए जाने, सेवारत तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की व्यवस्था करने, समान कार्य समान वेतन, आउटसोर्सिंग तथा संविदा कर्मियों को नियमित किए जाने, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट लैब टेक्नीशियन तथा आप्टोमेट्रिस्ट का ग्रेड पे उच्चीकृत करने तथा कैडर पुनर्गठन व पदनाम परिवर्तन करने जैसी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जिला मंत्री डॉ आर पी सिंह विसेन ने बताया कि यदि आगामी 8 दिसम्बर तक कर्मचारियों की मांगे नहीं मानी गईं तो समस्त कर्मचारी 9 दिसम्बर से अनिश्चितकालीन कार्यबंदी पर चले जाएंगे। ज्ञापन सौंपने के पश्चात कर्मचारियों ने जिला अधिकारी कार्यालय प्रांगण में एक जनसभा की। जनसभा को मुख्य रूप से परिषद के कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, संप्रेक्षक महेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पूनम कुमारी, डीपीए के जिलाध्यक्ष इंदल वर्मा, मंत्री केके सिंह, लैब टेक्नीशियन संघ के जिला मंत्री दीपक वर्मा, डॉ मनीष सिंह फिजियोथैरेपिस्ट, होम्योपैथिक फार्मासिस्ट संघ के अध्यक्ष रमापति, मंत्री भगवानदीन, मनोज दुबे, परिवहन विभाग के आशीष यादव, एनएचएम संघ के जिला अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, मंत्री डॉक्टर रईस अहमद, सुनील शुक्ला, सिंचाई विभाग के तेजपाल सिंह आदि ने संबोधित किया। मशाल जुलूस में जनपद के अलग-अलग विभागों के कई सैकड़ा कर्मचारियों ने भाग लिया।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

