बुलंदशहर में गरजे योगी, बोले- राम भक्तों और निर्दोषों के खून से सनी है लाल टोपी
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714
मुजफ्फरनगर में हुए दंगे के आरोपियों को लखनऊ में सम्मानित किया जा रहा था, जबकि निर्दोष लोग और व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जा रही थी। इनकी लाल टोपी निर्दोष लोगों के साथ राम भक्तों के खून से सनी है। ऐसे लोगों को यदि दोबारा से मौका मिला तो प्रदेश में फिर से दंगे-फसाद होंगे। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर के गुलावठी स्थित रामलीला मैदान में आयोजित आम जनसभा में कहीं। भाजपा की आम जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने पिछले पांच साल में प्रदेश में किए गए विकास कार्यों को गिनाया तो वहीं विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला। 19 मिनट के संबोधन में कहा कि पिछली सरकार ने दंगा-फसाद कराने वालों को संरक्षण दिया और निर्दोष लोगों को फंसाया।विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अब दो लड़कों ने जोड़ी बनाई है और प्रदेश में सत्ता का सपना देख रहे हैं। जबकि मुजफ्फरनगर में जब सचिन और गौरव नामक युवकों की हत्या हुई थी तो लखनऊ में बैठा एक लड़का दंगाई और हत्यारोपियों को सम्मानित कर रहा था, जबकि दूसरा लड़का दिल्ली में बैठकर दंगाइयों को बचाने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने कहा कि 2014 और 2017 में भी दो लड़कों ने गठबंधन किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अबकी बार केवल लिफाफा बदला है, जबकि लिफाफे में माल वही है।10 मार्च के बाद इनकी पूरी गर्मी शांत हो जाएगी। जहां पिछली सरकारों ने दंगा कराए थे, तमंचा की फैक्टरी चलाई थी, लेकिन अब वहां पर हमने डिफेंस कॉरिडोर बनाया है। वहीं, अब दंगाई सोचते हैं कि सात पीढ़ी दंगे के नुकसान की भी भरपाई नहीं कर पाएंगी। नोएडा में फिल्म सिटी, जेवर में एयरपोर्ट और डाटा सेंटर बनाया जा रहा है ताकि डिजिटल युग में प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सके।

