बाराबंकी। जिला बार एसोसिएशन बाराबंकी के अधिवक्ताओं ने अपनी पूर्व लंबित मांगों को लेकर आज जोरदार प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार को ज्ञापन भेजकर लंबित मंागों को जल्द पूर्ण किये जाने की मांग की गई। सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश व केन्द्र सरकार को ज्ञापन भेजा।
नव निर्वाचित अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांगे अगर जल्द नहीं मानी गई तो आन्दोलन को नई धार दी जायेगी, आर-पार की लड़ाई लड़ी जायेगी। वही महामंत्री रितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि जूनियर अधिवक्ताओ को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि जल्द उपलब्ध कराई जाये ताकि जूनियर अधिवक्ता सही ढंग से वकालत पेशे की तैयारी कर सके तथा रूदौली को बाराबंकी में शामिल किया जाये, वहां के निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनता व अधिवक्ताओं के हित को देखते हुए आन्दोलन को नई गति दी जायेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील रूदौली को फैजाबाद/अयोध्या से बाराबंकी जनपद में सम्मिलित किये जाने व जूनियर अधिवक्ताओं को प्रोत्साहन भत्ता दिलाये जाने व अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किये जाने तथा अधिवक्ताओं के वाहनों का टोल टैक्स मुक्त किये जाने के सम्बंध में जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार व भारत सरकार को ज्ञापन दिया गया।
जिस कारण समस्त अधिवक्तागण पूर्ण रूप से न्यायिक कार्य से विरत रहें। ज्ञापन देने वालों में सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
Related Posts

