दहेज की खातिर विवाहिता की हत्या। 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। ससुरालीजन, 7 लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज।
सहसवान। थाना कोतवाली क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाहिता की ससुरालवालों ने हत्या की है। वजह है कि ससुरालीजन 10 लाख रुपए बतौर दहेज के मांग रहे थे। मांग पूरी न होने के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने पति समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा कायम कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
घटना सहसवान के मोहल्ला अकबराबाद की है। यहां रहने वाले गौरव की शादी नवंबर 2021 में इसी कोतवाली क्षेत्र के हमूपुर चमरपुरा गांव निवासी सुरेश की बेटी रितिका (21) के साथ हुई थी। रितिका की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वाले पहुंचे तो वहां उसका शव मिला था। ससुरालीजन बीमारी के कारण मौत की बात कह रहे थे।
पिता ने बताया, शादी में मांग अनुसार दहेज दिया था, लेकिन कुछ दिन बाद से ही ससुरालीजन 10 लाख रुपये और मांगने लगे। इस रकम से गौरव को बिजनेस करना था। इसको लेकर बीच में कई बार दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। वहीं, आरोपियों ने रितिका को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसी प्रताड़ना के चलते उसे मारा गया है।
प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया, पिता की तहरीर पर पति गौरव समेत ससुराल पक्ष के महीपाल, छोटेलाल, लक्ष्मी, राधा, तोताराम समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामले की विवेचना सीओ चंद्रपाल सिंह करेंगे।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

