डीएनए से होगी नवजात की पहचान दो परिवार आपस में भिड़े, बाल गृह भेजा गया नवजात

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

बाराबंकी(एसएम न्युज24टाइम्स)। जिला महिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को एसएनसीयू में भर्ती दो नवजात में से एक की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया। मृत नवजात को कोई अपना मानने को तैयार नहीं था जबकि दूसरे नवजात पर दो परिवार अपना दावा करने लगे। इससे अस्पताल परिसर में भी हंगामा खड़ा हो गया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। मामले को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन जब बता नहीं बनी तो आखिरकार बच्चे के असली पिता की पहचान के लिए पुलिस ने बच्चे और दोनों पक्षों के मां-बाप के डीएनए परीक्षण कराने की बात कही। जियनपुर गांव निवासी विक्रम का कहना है कि पत्नी को प्रसव पीड़ा होने के बाद बुधवार को जैदपुर सीएचसी पर भर्ती कराया था। मामले की गम्भीरता को देखते हुए वो अपनी पत्नी को बाराबंकी शहर ले आया और उसने यहां के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया। रात में उसकी पत्नी ने नवजात लड़के को जन्म दिया। नवजात की हालत नाजुक देख नर्सिंग होम के डॉक्टर्स ने बच्चे को जिला अस्पताल में दिखा लेने की सलाह दी। विक्रम और उसके परिजन बच्चे को रात ही में जिला महिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को एसएनसीयू में भर्ती कर लिया। विक्रम और उसके परिजनों के मुताबिक सुबह तक उसका बच्चा ठीक था। लेकिन उसके बाद बवाल शुरू हो गया। उधर तहसील फतेहपुर के बन्नी रोशनपुर निवासी सत्येंद्र का कहना है कि बुधवार को दोपहर में वो अपनी पत्नी को लेकर जिला महिला अस्पताल आया था। शाम साढ़े पांच बजे उसकी पत्नी का ऑपरेशन हुआ। उसने एक नवजात लड़के को जन्म दिया। बच्चे और मां को वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। रात 10 बजे डॉक्टर आए और उन्होंने कहा कि बच्चे की तबियत ठीक नहीं होने के चलते उसे एसएनसीयू में भर्ती कर दिया। वहीं, गुरुवार को हंगामा उस वक्त खड़ा हो गया जब भर्ती दोनों बच्चों में से गुरुवार को सुबह एक बच्चे की मौत हो गई। अब जिंदा वाले बच्चे को दोनों पिता अपना बता रहे हैं। सीएमएस प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया किमृत नवजात को कोई लेने को तैयार नहीं है जबकि दूसरे पर दो-दो लोग अपना दावा कर रहे हैं। नवजात को बालगृह भेजा जा रहा है। अब डीएनए रिपोर्ट में खुलासा होने के बाद नवजात के माता-पिता का पता लगेगा। जिसका भी नवजात होगा उसे सौंपा जाएगा। तब तक बच्चे को बाल कल्याण समिति की निगरानी में रखा जाएगा।

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

 

Don`t copy text!