विधि विधान से घर घर विराजे गजानन

09 मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता दरियाबाद बाराबंकी।7874257456

बाराबंकी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर शुभता व बुद्धि के प्रदाता रिद्धि-सिद्धि विनायक की प्रतिमा घरों के अलावा कई मंदिरों में विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद स्थापित की गई। इस दौरान आरती भजन व जयकारों से वातावरण गूंज उठा। कई स्थानों पर गणेश महिमा का बखान किया। गणपति महिमा सुन श्रद्धालु गणपति के रंग में सराबोर हो गए। श्रीसंतोषी माता मंदिर में परिसर में लगाए गए पांडाल में वैदिक मंत्रों के बीच गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। शोभायात्रा छाया चौराहे व राजकमल होते हुए मंदिर पहुंची। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया.. के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। छोटी माता देवी मंदिर परिसर में पंडाल लगाकर गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। पूजन अर्चन हवन के बाद आरती की गई। शहर स्थित रामलीला दशहरा मंदिर में विघ्न विनाशक की पूजा अर्चना कर भक्तों ने गणेश महिमा का गुणगान किया। इस मौके पर भजन व गणपति के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। प्रातःकाल रिद्धी-सिद्धी सहित गणेश भगवान का भव्य श्रंगार किया गया। मंदिर को फूल मालाओं से सजाया गया। इसके बाद हवन किया गया। जिसमें भगवान के सहस्त्र नाम की आहुति दी गई। देवा रोड स्थित गांधीवादी राजनाथ शर्मा के निवास बेलहरा हाउस पर पूजन अर्चन के बीच गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। मानस मर्मज्ञ व पुजारी अश्वनी कुमार मिश्र के सानिध्य में भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाया गया व आरती की गई। यहां उन्होंने गणेश महिमा का बखान किया। गणपति महिमा सुन श्रद्धालु गणपति के रंग में सरोबार हो गए। रंगबिरंगी लाइटिंग केे बीच पगड़ी धारण किए भगवान गणेश की प्रतिमा देख भक्त मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर राजनाथ शर्मा, इन्दिरा शर्मा, सरिता शर्मा, मृत्युंजय शर्मा, अदिति शर्मा, रंजय शर्मा, सुमन शर्मा, धनंजय शर्मा, इंद्रमणि शर्मा आदि मौजूद रहे। पूजन अर्चन के बाद श्रद्धालुओं ने भजन गाया- ‘पधारो गजानन जी, मेरे घर में पधारो..‘, जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा माता जाकी पार्वती पिता महादेवा…, गजानन महाराज पधारो दर्शन की तैयारी है… भजन कीर्तन कर श्रद्धालु भक्तिभाव से ओतप्रोत हो गए।

09 मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता दरियाबाद बाराबंकी।7874257456

 

 

Don`t copy text!