बच्चे का अंगभंग करने की आरोपी महिला गिरफ्तार
मोहर्रम अली उर्फ अनवर संवाददाता थाना क्षेत्र असंद्रा (एसएम न्युज24 टाइम्स) 7860405035
बाराबंकी। सुबेहा थाना क्षेत्र में बच्चे की आंख व मुंह में चिपकाने वाला रसायन डाले जाने के मामले ने जब तूल पकड़ा तो पुलिस ने तेजी दिखाई। बुधवार को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बच्चे की जांच करने के बाद नेत्र रोग के चिकित्सक ने इलाज के बाद आंखों की रोशनी वापस आने की उम्मीद जताई है। जिला अस्पताल में नाक, कान व गले का चिकित्सक नहीं होने से बृहस्पतिवार को बच्चा अयोध्या ले जाया जाएगा। छह दिन पहले सुबेहा थाने के छिटनापुर गांव में राजकुमार व सुनीता के करीब छह वर्षीय पुत्र कन्हैयालाल गांव के बाहर तालाब में पड़ा मिला था। उसकी आंख व मुंह में चिपकाने वाला रसायन डाला गया था। इसके असर से बच्चे की आंख बंद हो गई थी और मुंह भी नहीं खुल रहा है। पुलिस ने बच्चे की मां की तहरीर पर गांव की दो महिलाओं (मां-बेटी) के खिलाफ केस दर्ज किया था। मासूम की आंख की रोशनी न लौटने की आशंका से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार को भी बच्चे को पुलिस द्वारा जिला अस्पताल लाया गया। यहां नेत्र रोग चिकित्सक डॉ. संजीव साहू ने बच्चे की आंखों की गहनता से जांच की। डॉ. साहू ने बताया कि रसायन से पुतली पर असर पड़ा है। महीने-दो महीने के इलाज के बाद आंखों की रोशनी वापस आने की उम्मीद है। डॉक्टरों ने गले में संक्रमण की आशंका जताई थी। लेकिन जिला अस्पताल में नाक, कान, गले का डॉक्टर न होने से उसे अयोध्या के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, बुधवार को पुलिस ने बच्चे का अंगभंग के आरोप में नामजद महिला उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया। सुबेहा के थाना प्रभारी संजीत सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीएमएस डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि, अस्पताल में ईएनटी न होने से बच्चे को अयोध्या भेजा जा रहा है।
मोहर्रम अली उर्फ अनवर संवाददाता थाना क्षेत्र असंद्रा (एसएम न्युज24 टाइम्स) 7860405035

