भतीजा निकला चाचा शेषनाथ का हत्यारोपी, पुलिस ने भेजा जेल
सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270
बाराबंकी। कोतवाली नगर अन्तर्गत पांच दिन पूर्व सोते समय एक दम्पत्ति के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा देने के मामले में पति की मौत हो गयी थी। जबकि पत्नी गम्भीर रुप से घायल हो गयी थी। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरु करने के बाद रविवार सुबह इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी मृतक का रिश्तेदार लगता है। प्रभारी निरीक्षक ने पकड़े गये युवक को जेल भेज दिया। जानकारी के अनुसार, बीती 30 अगस्त की रात्रि को कोतवाली नगर क्षेत्र के सफेदाबाद कस्बे के पास स्थित गुलमोहर कम्पनी के चौकीदार शेषनाथ शुक्ला अपनी पत्नी और बच्चे के साथ में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे अज्ञात व्यक्ति ने सोते समय इन लोगों पर पेट्रोल डाल करके आग लगा दी। आग में शेषनाथ और उसकी पत्नी बुरी तरह से झुलस गये थे। गम्भीर अवस्था में दोनो को लखनऊ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर देर रात शेषनाथ शुक्ला की मौत हो गयी थी। मृतक के परिजनों ने लाश रखकर सफेदाबाद पुलिस चौकी के पास प्रदर्शन किया था और मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता के साथ साथ घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की गयी थी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने शेषनाथ शुक्ला का अन्तिम संस्कार उनके पैतृक गांव चौरी अलादासपुर में कर दिया था। वहीं कोतवाली प्रभारी ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरु कर दी थी। रविवार सुबह कोतवाली प्रभारी नगर संजय कुमार मौर्य ने मुखबिर की सूचना पर छापा मारकर ग्राम भुहेरा के पास से कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम बेहटा निवासी मुनीष कुमार मिश्रा पुत्र दीनानाथ मिश्रा को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 लीटर का पीपा भी बरामद किया था। घटना के बारे में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मौर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़ा गया आरोपी मृतक के सगे साले का पुत्र था। उसकी हरकतें ठीक न होने के कारण घर के सदस्यों ने मुनीष को घर से खदेड़ दिया था। घर से खदेड़े जाने के बाद मुनीष ने अपने फूफा शेषनाथ के पास में जाकर रहने की गुहार लगायी थी। लेकिन उसकी आदतें जानने के बाद शेषनाथ ने अपने घर में भी उसको जगह नही दी थी। मुनीष ने गुलमोहर कम्पनी में चौकीदारी के लिए जोर आजमाइश की। लेकिन जब शेषनाथ को पता चला तो उसने मुनीष को वहां से बेईज्जत करके भगा दिया था। इसी रंजिश के कारण बीती 30 अगस्त की रात्रि को सोते समय शेषनाथ और उसके परिवार के ऊपर मुनीष ने पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया था।
सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

