…नहीं रहे शांति निकेतन की बुनियाद ‘अशोक सिंह’
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
जिले की सामाजिक शख्सियत और पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत बड़े भाई अशोक कुमार सिंह जी का बीती रात आकस्मिक निधन हो गया। वह लगभग 60 वर्ष के थे। अशोक सिंह सूबे की सियासत के कद्दावर नेता अरविंद कुमार सिंह गोप के बड़े भाई थे। यह वक्त अरविंद सिंह गोप के लिए बहुत कष्टदायी है। अभी कुछ दिन पहले उन्होंने नेताजी के रूप में अपना अभिभावक और संरक्षक खो दिया। और आज उन्होंने अशोक सिंह के रूप में पिता समान बड़ा भाई और मार्गदर्शक खो दिया। विनम्र, शालीन, व्यवहार कुशल और मृदुभाषी अशोक कुमार सिंह का जाना मेरे लिए निजी शोक है।
उनका व्यक्तित्व किसी पद का मोहताज नही था। सामाजिक सरोकार से सियासत में आए अशोक सिंह ने अपने व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं किया। उनकी आत्मीयता और बेलौस मोहब्बत ही उनकी ज़िंदगी का हिस्सा था। आज शांति निकेतन (घर) की हर एक ईंट शोकाकुल है। जिसकी बुनियाद अशोक सिंह माने जाते थे। शांति निकेतन और उससे जुड़े हर सदस्य से उन्हें बहुत स्नेह था। वह हमेशा हर वक़्त परिवार और समाज के लिए मज़बूती से खड़े रहते थे। पिता के निधन बाद, भरे पूरे परिवार को बांधकर रखने का हुनर उनकी विशेषता थी। उन्होंने परिवार में कभी पिता की कमी को महसूस होने नहीं दिया।
अरविंद कुमार सिंह गोप के संघर्ष और सियासत में वह हमेशा टोर्च बैरियर की भूमिका में रहते थे। सामाजिक जुड़ाव और पारिवारिक रिश्तों को उन्होंने बड़ी संजीदगी से पिरोया। राजनीति में वे हमेशा दलीय भावना से ऊपर दिखे। मेरा उनके प्रति अथाह स्नेह था। जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए जब उनसे मिला वह बहुत मोहब्बत और अपनेपन से मिलते थे। ज़िन्दगी के तमाम उतार चढ़ाव के बीच हमेशा समाजवादी विचारधारा को थामे रखने वाले अशोक भाई हम सब के बीच अमर हो गए। उनके विचार बहुत स्पष्ट और खुले हुए थे।
उन्होंने अपने दोनों बच्चों को बहुत शानदार तरीके से शिक्षित और प्रशिक्षित किया। मानवता और प्रेम के साथ समर्पण और सहिष्णुता का पाठ उन्हें बचपन में ही पढ़ा दिया। जो उनके अब न रहने के बावजूद ज़माने को छाँव देता रहेगा। बहरहाल, अरविंद कुमार सिंह गोप जी के पूरे परिवार की यह सबसे दुःखद घड़ी है। ईश्वर उन्हें इस अपार पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उनकी स्मृतियों को नमन!बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

