फुटपाथों पर अवैध कब्जेदार कर रहे व्यापार, प्रशासन मौन
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500
बाराबंकी। शहर की सड़क के किनारों पर व्यापारियों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण की समस्या लगातार गहराती जा रही है। फुटपाथों पर कब्जा करने के बाद सड़कों के किनारे भी भारी तादाद में अवैध कब्जे हो गए हैं। जिससे पैदल राहगीरों का निकलना मुश्किल हो जाता है। यह समस्या बढ़ती जा रही है, लेकिन इसके निराकरण के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। प्रशासन की तरफ से कई बार अभियान तो चलाया गया, लेकिन इसका कोई असर नहीं है। ईओ कहते हैं कि अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई है। जल्द ही अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि शहर में ऐसा कोई स्थान नहीं जहां पर फुटपाथ सुरक्षित हों। हर फुटपाथ पर अस्थायी दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। कपड़े, जूते, बर्तन और रेहड़ियां अवैध रूप से लगाई जाती है। जिसके चलते शहर की किसी भी सड़क पर लोगों को निकलने की जगह नहीं मिलती है। थोड़ी बहुत जो जगह बचती भी है तो रिक्शा, ठेले वाले उस पर कब्जा करके खड़े हो जाते हैं। शहर में छाया चौराहा, नेबलेट तिराहा, स्टेशन रोड, धनोखर चौराहा, घंटाघर फाटक, नाका रोड आदि के पास अवैध रूप से फु़टपाथ पर कब्जा कर लिया गया है। वहीं, शहर के अधिकतर बैंक, एटीएम, कोचिग सेंटर, शराब के ठेके, कपड़े के शोरूम, बर्तनों की दुकान, नाई की दुकान आदि के बाहर सड़कों पर वाहनों की भीड़ देखने को मिलती है। बताते चलें कि शहर के छाया चौराहे पर वसूली गैंग अवैध ठेले खुलेआम लगवाता है और उनसे रात्रि के अधंेरे में खूब वसूली होती है। लेकिन नगर पालिका और पुलिस प्रशासन इन खबरों से अन्जान बना हुआ है। धीरे-धीरे छाया चौराहे का स्वरूप बदलता जा रहा है। छाया चौराहे पर दर्जनों ठेलें अवैध रूप से पटरियों पर लगते हैं। वहीं बगल में बना यातायात पुलिस बूथ मुंह चिढ़ा रहा है जिसके अगल बगल इन अतिक्रमणकारियों ने कब्जा कर रखा है।
जल्द ही अतिक्रमण हटाने का प्लान बनाया जाएगा और प्रभावी रूप से अभियान चलाएंगे। फिलहाल अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी जा रही है। यदि फिर भी लोग अतिक्रमण करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पवन कुमार, ईओ नगर पालिका नवाबगंज, बाराबंकी
बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

