उझानी में प्रत्याशियों समेत 900 लोगों पर हुई निरोधात्मक कार्रवाई, 250 को रेड कार्ड, नौ लोगों पर लगा गुंडा एक्ट
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं
बदायूं। उझानी में निकाय चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन स्तर से कार्रवाई तय कर दी गई है। पुलिस ने शांतिभंग होने की आशंका के चलते 900 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है। इनमें पालिकाध्यक्ष और सदस्य पद के प्रत्याशी भी शमिल हैं। सभी को मुचलके पर पाबंद किया जा रहा है। निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस कार्रवाई का सिलसिला पिछले दिनों शुरू हुआ। पुलिस के मुताबिक आपराधिक प्रवृति का कोई भी व्यक्ति चुनाव प्रभावित नहीं कर पाए, इसलिए सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी पशु चोर गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गैंग का सरगना उमेश हालांकि जेल में है, लेकिन उसके गिरोह के चार साथी आपराधिक घटना के जरिए माहौल खराब कर सकते थे। नौ लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट और 61 लोगों पर 110 जी (मिनी गुंडा एक्ट ) की रिपोर्ट भेजी गई है। 1285 लाइसेंसी असलाहों में एक हजार से अधिक बंदूक, रायफल, रिवाल्वर, पिस्टल आदि जमा कर ली गई है।
नौ सौ लोगों को किया चिह्नित:- निरोधात्मक कार्रवाई के तहत पुलिस ने करीब नौ सौ लोगों को चिह्नित किया है। हर वार्ड से सदस्य पद के प्रत्याशियों के अलावा अध्यक्ष पद के सभी दलीय और निर्दलीय उम्मीदवार भी इसमें शामिल हैं। अध्यक्ष और सदस्य पद के उम्मीदवारों को पांच-पांच लाख तो अन्य लोगों को दो-दो लाख रुपये के मुचलके पर पाबंद किया जा रहा है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए खुराफातियों पर भी नजर रखी जा रही है। अगर किसी ने माहौल खराब करने या फिर चुनाव में मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। 250 लोगों को रेड कार्ड जारी:- निकाय चुनाव में मतदाताओं को किसी भी स्तर पर कोई प्रभावित नहीं कर पाए, इसलिए पुलिस ने उझानी के 250 लोगों को रेड कार्ड दिए हैं। जिन लोगों को रेड कार्ड दिए गए हैं, उन पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोग चुनाव प्रभावित कर सकते हैं। जिनके पास रेड कार्ड हैं, उनके बारे में आसपास के लोगों को भी अवगत करा दिया गया है। पड़ोसी भी उनकी गतिविधियों पर गौर करते रहेंगे।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) बदायूं

