एसडीएम और कोतवाल पर भारी पड़ रहा है दबंग गरीब व्यक्ति की जमीन पर जबरदस्ती कर रहे हैं अवैध निर्माण एसडीएम के आदेश को किया दरकिनार

संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट

बाराबंकी। कोतवाली हैदरगढ़ अन्तर्गत दबंग भूमाफिया एक गरीब व्यक्ति की कीमती जमीन पर जबरदस्ती अवैध कब्जा करके निर्माण कार्य करवा रहा है। उक्त दबंग को न तो उपजिलाधिकारी के आदेश का खौफ है और न ही कोतवाली प्रभारी का है। अवैध निर्माण कार्य रुकवाने का आदेश उपजिलाधिकारी दे चुके हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी ने भी कई बार मौके पर पुलिस भेजकर निर्माण कार्य रुकवाया लेकिन उसके बावजूद भी दबंग भूमाफिया अपनी दबंगई के बल पर अवैध निर्माण कार्य करवाने पर तुले हुए हैं। पीड़ित ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित अन्य उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगायी है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम रनापुर निवासी अयोध्या प्रसाद विश्वकर्मा पुत्र रामलखन की कीमती जमीन लखनऊ सुल्तानपुर हाइवे पर स्थित है। उक्त जमीन का रकबा 15 बिसवा व गाटा सं-नम्बर 58 है। वहां पर पहले से ही अयोध्या प्रसाद ने कुछ निर्माण कार्य करवा रखा था। चूंकि ज्यादा पैसा न होने के कारण वह निर्माण कार्य अभी अधूरा पड़ा हुआ है। उक्त जमीन के बगल कोतवाली हैदरगढ़ के मोहल्ला पूरेमितई निवासी संतोष पुत्र स्व. रामफेर की भी थोड़ी जमीन पड़ी हुई है। जिसकी गाटा सं-58 है। पिछले एक सप्ताह से दबंग संतोष कुमार रावत और अपने अन्य सहयोगियों के साथ में अपनी जमीन पर निर्माण कार्य न करवाकर अयोध्या प्रसाद की जमीन पर निर्माण कार्य करवाना शुरु कर दिया है। जब अयोध्या प्रसाद को उक्त बात की जानकारी हुई तो उन्होने कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ अवनीश कुमार सिंह से जाकर लिखित शिकायत की। जिस पर कोतवाली प्रभारी ने तत्काल पुलिसकर्मियों को भेजकर अवैध निर्माण कार्य रोकवा दिया और यह कहा कि राजस्वकर्मियों को बुलवाकर जमीन की पैमाइश करवा लो जहां पर निर्माण कार्य करवा रहे हो अगर तुम्हारी जमीन होगी तभी निर्माण कार्य करवाना। एक दिन तो निर्माण कार्य बंद रहा लेकिन उसके दूसरे दिन दबंग संतोष कुमार ने उस गरीब की जमीन पर पुनः निर्माण कार्य शुरु करवा दिया। बीती 2 मार्च को अयोध्या प्रसाद ने उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ से मिलकर पूरी आपबीती बतायी। अपनी जमीन पर अवैध निर्माण रुकवाने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ और क्षेत्रीय लेखपाल को लिखित आदेश दिया कि मौके पर जाकर जमीन की पैमाइश करने के बाद ही वहां पर निर्माण कार्य शुरु हो। अगर अवैध निर्माण कार्य हो रहा हो तो उसको तत्काल रुकवा दो। उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ के उक्त आदेश के बावजूद भी दबंग जबरदस्ती गरीब की जमीन पर निर्माण कार्य करवाना जारी रखा है। दबंग संतोष कुमार का कहना है कि हम लोग दलित हैं अगर ज्यादा विरोध करोगे तो फर्जी हरिजन एक्ट का मुकदमा लिखवाकर सभी को जेल भेजवा दूंगा। इस सम्बन्ध में जब कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ अवनीश कुमार सिंह से जानकारी की गयी तो उनका कहना था कि जमीनी विवाद है राजस्वकर्मियों द्वारा ही बताया जायेगा कि निर्माण कार्य सही हो रहा है या गलत वैसे मैने उक्त निर्माण कार्य रोकवा दिया है। इस सम्बन्ध में पीड़ित अयोध्या प्रसाद का कहना है कि मेरी ही जमीन पर अवैध निर्माण कार्य हो रहा है और उल्टा मुझे और मेरे सहयोगियों को फर्जी हरिजन एक्ट के मुकदमें में जेल भेजवाने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने यह भी बताया कि पुलिस से शिकायत की जाती है। मौके पर पुलिस आती है निर्माण कार्य रुकवाती है लेकिन पुलिस के जाने के बाद दबंग पुनः निर्माण कार्य शुरु कर देते हैं। पीड़ित ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह से न्याय की गुहार लगाते हुए अवैध निर्माण कार्य करने वाले दबंगो के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।

संपादक मोहिनी शर्मा एडवोकेट

Don`t copy text!