राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम,कर्मचारियों की लूट-खसोट और कमाई का जरिया……….
शान्ती देवी अवधेश वर्मा एसएम न्यूज़24टाइम्स विशेष संवाददाता मसौली जनपद बाराबंकी 8707331705
मसौली बाराबंकी । सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा )अब शायद जन प्रतिनिधियों तथा योजना के क्रियान्वयन मे सहभागी सरकारी कर्मचारियों की लूट-खसोट और कमाई का जरिया बन कर रह गया है । इसका जीता जागता नमूना जिला मुख्यालय की नाक के नीचे विकास खण्ड मसौली की ग्राम पंचायत रसौली मे देखा जा सकता है । जहां पांच लाख बत्तीस हजार रूपए मजदूरी पर खर्च होने के बाद भी स्वीकृत कार्य पर फावड़ा नहीं चल पाया है ।
ग्राम पंचायत रसौली के कई ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के मुखिया , जिलाधिकारी ,लोकपाल सहित कई आला अधिकारियों को पत्र लिखकर प्रकरण की तत्काल जांच कराकर दोषी जनों के विरूद्ध थाना सफदर गंज मे मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है । शिकायत कर्ता सुखनन्दन वर्मा आदि द्वारा प्रेषित प्रार्थनापत्र के अनुसार ग्राम पंचायत रसौली मे मनरेगा के अन्तर्गत वर्क कोड : 3148008034/एल डी / 958486255824262201 प्रतापगंज रजबहा के किमी• 00 से किमी• 2•15 तक दायीं पटरी पर जंगल कटाई और पटाई के कार्य की स्वीकृति क्रमांक 3148008034/2023-24 170394 /As दिनांक 10-5-2023 तथा वर्क कोड 3148008034/एल डी / 9584866255824262202 प्रतापगंज रजबहा के किमी• 00 से किमी • 1 तक बायीं पटरी के कार्य की स्वीकृति क्रमांक 3148008034 /2023-24/170392/ए एस दिनांक 3-5-2023 को की गई थी । पत्र मे आरोप है कि ग्राम रसौली के प्रधान मो• जियाउल हक अंसारी ने उक्त स्वीकृत कार्य को कराये बिना , संबंधित कर्मचारियों की साठगांठ से कूटरचित मस्टररोल बनवा लिए तथा उन मस्टररोल मे अपने मेली-मददगारों और विश्वास पात्र लोगों के नामों को शामिल कराकर उनके बैंक खातों पर कई लाख रूपयों का भुगतान करा दिया फिर उन तथाकथित मनरेगा मजदूरों से उनके बैंक खातों पर भेजी गई धनराशि को खातों से निकलवाकर वापस ले लिया । प्रधान ने इस प्रकार का आपराधिक कृत्य करके लाखों रूपयों की सरकारी रकम को हड़प लिया है । पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा उक्त स्वीकृत कार्य के अन्तर्गत रजबहा की दायीं पटरी पर जंगल सफाई और पटाई के मद मे मस्टररोल संख्या 1836, 1837, 1838, 1830व 1840 से मजदूरों के खातों पर कुल 181280₹ तथा रजबहा की बायीं पटरी पर जंगल कटाई और पटाई के मद मे मस्टररोल संख्या 976 ,977, 978, 979 व 980 तथा 1421 , 1422, 1423, 1424, व 1425 तथा 1831 ,1832 ,1833, 1834 ,व 1835 से कथित मजदूरों के खातों पर 350980₹ का भुगतान किया गया है।
गौरतलब है कि प्रतापगंज रजबहा की दोनो पटरियों पर कार्य से संबंधित बोर्ड जिसे नियमानुसार लगाया जाना चाहिए था नहीं लगाया गया है । ताज्जुब की बात तो यह है कि प्रतापगंज रजबहा पर 0 किमी• से 2•15 किमी• व 0 किमी• से 1 किमी• तक जंगल कटाई और पटाई पर 1966 मानव दिवस कार्य दिखाकर बिना काम कराये 532260/₹ का भुगतान बिना तकनीकी सहायक की सहमति के कैसे हो गया । फिलहाल इस प्रकरण मे शिकायत की भनक लगते हीं प्रधान ने रजबहा की दक्षिणी पटरी पर मजदूर लगा दिये हैं ।
शान्ती देवी अवधेश वर्मा एसएम न्यूज़24टाइम्स विशेष संवाददाता मसौली जनपद बाराबंकी 8707331705

