मुसलमानों को डराने के लिए आज़म खाॅ को भेजा है जेल- राम गोविन्द चौधरी
करण कुमार शर्मा जिला ब्यूरो चीफ लखनऊ
लखनऊ। नेता प्रतिपक्ष राम गोविन्द चौधरी ने कहा है कि समाजवादी नेता आजम खाॅ, उनकी पत्नी व उनके बेटे को जेल में बंद कर उत्तर प्रदेश सरकार मुसलमानों को डरा रही है, कि वह भाजपा के विरोध में वोट देंगे तो उनकी गति आजम खाॅ और उनके परिवार की जैसी होगी।
नेता प्रतिपक्ष मंगलवार को आजम खाॅ से मिलने सीतापुर जिला कारागार जा रहे हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री विधायक श्री शैलेन्द्र यादव ललई, पूर्व मंत्री विधायक श्री नरेन्द्र सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री श्री अरविन्द सिंह गोप भी जा रहे हैं। इस सीतापुर यात्रा को लेकर पत्रकारों द्वारा किये गये एक प्रश्न के उत्तर में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आजम खाॅ वर्तमान में सांसद हैं, नौ (09) बार विधायक रहे, मंत्री रहे, उनकी पत्नी सांसद रही हैं, वर्तमान में विधायक हैं, पुत्र भी विधायक थे। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का जौहर विश्व विद्यालय बनवाया जिसे लेकर सरकार को उनका सम्मान करना चाहिए। इसके बदले में उन्हें परिवार सहित जेल में डालना शिक्षा का अपमान है, लोकतंत्र का अपमान है।
नेता विपक्ष ने कहा कि उ0प्र0 सरकार के इस उत्पीड़न से न तो आजम खाॅ डरने वाले हैं और न मुसलमान। सूबे का हर आदमी जो लोकतंत्र मे विश्वास रखता है, शिक्षा के उत्थान में विश्वास रखता है, जो किसान, मजलूम, दलित अल्पसंख्यकों के हित की बात सोचता है, वह इस प्रदेश की अमानवीय सरकार के रवैये के खिलाफ है। इसलिए वर्ष 2022 में इस सरकार की वापसी नहीं होनी है।
श्री राम गोविन्द चौधरी ने कहा कि ई0वी0एम0 लहर और सरकार की हर सम्भव कोशिश के बाद भी आजम खाॅ के क्षेत्र में भाजपा हारी। उपचुनाव में भी पराजित हुई, इसीलिए बदले की भावना से उनको व परिवार को जेल में डाला गया है इस सच को हर आदमी समझ रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शांति पूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे मुसलमानों पर गोली बरसा कर 25 लोगों को जान से मारना, सैकड़ों को जेल में डालने की कार्यवाई, कानून को अपमानित कर पोस्टरबाजी भी सरकार डराने के उद्देश्य से कर रही है। समाजवादी पार्टी व समाजवादी विचारधारा के लोग सरकार के इस दमनात्मक रवैये को सफल नहीं होने देंगे।
करण कुमार शर्मा जिला ब्यूरो चीफ लखनऊ

