अमीर हैदर एक धर्मनिरपेक्ष राजनेता है: राजनाथ गांधी भवन में मनाया गया जन्मदिवस
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
बाराबंकी। वरिष्ठ राजनेता, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अमीर हैदर के 81वें जन्म दिवस पर गाँधी भवन में एक बैठक आयोजित करके उनके शतायु होने की कामना की गई। इस मौके पर गाँधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने कहा कि अमीर हैदर सामाजिक समरसता के प्रतीक है। उनका गांधी ट्रस्ट से जुड़ी गतिविधियों में अहम योगदान रहता है। अमीर हैदर के प्रति गांधी ट्रस्ट हमेशा कृतज्ञ रहा है। क्योंकि उनकी सादगी, आत्मीयता, सरलता और वात्सल्य से भरे उनके चुम्बकीय व्यक्तित्व से लोगों को बाँध रखा है। श्री शर्मा ने बताया कि अमीर हैदर ने छात्र जीवन से राजनीति में पर्दापण किया। उन्होंने कम्यूनिस्ट पार्टी से राजनीति की शुरूआत की। बेरोजगारी के सवाल पर संसद घेरों आन्दोलन में डा राममनोहर लोहिया के सहयोगी रहे। जिसमें उनकी गिरफ्तारी हुई और दिल्ली के तिहाड़ जेल में एक माह से अधिक समय तक बंदी रहे। यही नहीं कई छात्र आन्दोलनों एवं जन सरोकार से जुड़े मुद्दों पर सत्याग्रह करके जेल गए। बाद में श्री हैदर बाराबंकी सदर सीट से निर्दलीय विधानसभा का चुनाव लड़े। कुछ समय के बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए। श्री हैदर एक धर्मनिरपेक्ष राजनेता है। यही नहीं उन्होंने काफी समय तक विधि के क्षेत्र में भी कार्य किया। उनकी पहचान एक जुझारू एवं संघर्ष शील नेता के रूप में रही है।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी

