जनता का सहयोग जारी रहा तो जल्द ही कोरोना का फैलाव कम होने की आशा हैः राष्ट्रपति

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ

राष्ट्रपति रूहानी ने कहा है कि अगर जनता का सहयोग इसी तरह जारी रहा तो आशा है कि कोरोना वायरस का फैलाव भविष्य में कम हो जाएगा।
डाॅक्टर हसन रूहानी ने गुरुवार को तीनों पालिकाओं के प्रमुखों की बैठक में, जिसमें कोरोना से संघर्ष की राष्ट्रीय समिति के कुछ अधिकारी भी उपस्थित थे, जनता की ओर से स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य संबंधित विभागों की ओर से की गई सिफ़ारिशों व सुझाए गए उपायों के पालन की सराहना करते हुए कहा कि लोग घरों में रहने और यात्रा न करने की सिफ़ारिशों का इसी तरह पालन करते रहे तो देश जल्द ही कोरोना वायरस के फैलाव में कमी के चरण तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय को जनता की सभी गतिविधियों के लिए विशेष कर उन उत्पादन केंद्रों के लिए जिन्हें सक्रिय रहना चाहिए, विशेष प्रोटोकोल तैयार करके जनता तक पहुंचाना चाहिए।

राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए लोगों की शिक्षा, प्रशिक्षा और उन तक सही सूचनाएं पहुंचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सभी विभागों की ज़िम्मेदारी है कि वे कोरोना से मुक़ाबले के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय जो सिफ़ारिशें करता है, उसे लोगों तक पहुंचाएं। इस बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने देश में कोरोना वायरस से मुक़ाबले के लिए किए जा रहे उपायों, इस संबंध में चिकित्सा केंद्रों की 24 घंटे की गतिविधियों और इस वायरस से मुक़ाबले की अंतिम स्थिति के बारे में एक रिपोर्ट पेश की।

Don`t copy text!