अमरीका ने की तालेबान बंदियों को रिहा करने की मांग, अफ़ग़ान सरकार ने दिया यह जवाब …
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अफ़ग़ानिस्तान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा है कि तालेबान के क़ैदियों को रिहा करने के बारे में उसके रुख़ में कोई बदलाव नहीं आया है।
अफ़ग़ान राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जावेद फ़ैसल ने तालेबान गुट के क़ैदियों को तुरंत रिहा करने की अमरीका की मांग पर प्रतिक्रिया जताते हुए गुरुवार को कहा इस गुट के बंदियों को रिहा करने के बारे में काबुल की नीति में कोई परिवर्तन नहीं आया है। उन्होंने कहा कि तालेबान को अफ़ग़ानिस्तान के लोगों पर हमले और उनकी हत्या बंद करनी होगी और यह गारंटी देनी होगी कि रिहा होने वाले उसके क़ैदी युद्ध के मैदान में नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि तालेबान अपने हमले बंद करे और सम्मान के साथ शांति का वादा करे।
ज्ञात रहे कि अफ़ग़ानिस्तान के मामलों में अमरीका के प्रतिनिधि ज़लमई ख़लील ज़ाद ने दावा किया है कि काबुल ने, तालेबान के क़ैदियों को रिहा करने का वादा किया है और तालेबान ने भी वादा किया है कि रिहा होने वाले उसके क़ैदी, शांति समझौते में दर्ज बिंदुओं का पालन करेंगे और जंग के मैदान में नहीं लौटेंगे। तालेबान और अमरीका के बीच होने वाले शांति समझौते में वाॅशिंग्टन ने इस बात का वादा किया है कि अफ़ग़ानिस्तान की जेलों में बंद 5000 तालेबान क़ैदियों और तालेबान की क़ैद में मौजूद अफ़ग़ान सरकार के एक हज़ार लोगों की रिहाई में आसानी पैदा करेगा लेकिन अफ़ग़ान सरकार का कहना है कि यह समझौता, अमरीका व तालेबान के बीच हुआ है और इसका पालन काबुल सरकार के लिए ज़रूरी नहीं है।

