विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि कोरोना वायरस से मुक़ाबले में ईरान को मदद की ज़रूरत है और कोरोना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
डब्ल्यू एच ओ के महानिदेशक डाॅक्टर टेडरोस एडानोम गेब्रेसस ने एक इंटरव्यू में बताया है कि पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या दो लाख से ज़्यादा हो चुकी है जबकि मरने वालों की संख्या आठ हज़ार से अधिक है। उन्होंने इस सवाल के जवाब में कि ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका के प्रतिबंधों के प्रभाव को कम करने में विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका क्या है? कहा कि उन्होंने मंगलवार को अमरीकी विदेश मंत्री से संपर्क किया था और कहा था कि कोरोना वायरस से मुक़ाबले में ईरान की मदद किए जाने की ज़रूरत है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक ने बताया कि अमरीका ने असाधारण और आपात परिस्थितियों में कुछ प्रतिबंधों विशेष कर बैंकिंग के क्षेत्र में लगाए गए प्रतिबंधों को निलंबित करने पर सहमति जताई है। उन्होंने ईरान को चिकित्सा उपकरण देकर कोरोना वायरस से मुक़ाबले में उसकी मदद करने वाले देशों की सराहना की। इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन के आपातकालीन मामलों की समिति के एक सदस्य माइक रायान ने कहा है कि यह संगठन ईरान के साथ स्थायी रूप से अपना सहयोग जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि इस संकट का, जिसने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है, राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

