मसौली बाराबंकी। भारतीय हांकी टीम के खिलाड़ी ओलंपिक एवं एशियन गेम्स पदक विजेता पुलिस उपाधीक्षक ललित कुमार उपाध्याय का नाका चौराहा बाराबंकी से रोड शो आयोजित कर भव्य स्वागत,अभिनंदन एवं अलंकरण किया गया जिसमे ललित उपाध्याय द्वारा बाराबंकी की जनता एवं पुलिस कर्मियों को हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया गया।
सेनानायक सुनील कुमार सिंह द्वारा ललित उपाध्याय को पुष्प गुच्छ,स्मृति चिन्ह एवं फूल माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया साथ ही अपने संबोधन में ललित उपाध्याय द्वारा अब तक खेले गए ओलंपिक,एशियन,राष्ट्रमंडल,विश्वलीग एवं चैंपियंस ट्रॉफी आदि में देश के लिए किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा अर्जित मेडल व पुरस्कार पर प्रकाश डालते हुए उनके व्यक्तित्व एवं उपलब्धियों के अनुकरण हेतु सभी उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों,अधिकारी/कर्मचारियों को प्रेरित किया गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट कंट्रोल बोर्ड द्वारा गठित कमेटी सुनील कुमार सिंह,सेनानायक १०वीं वाहिनी पीएसी बाराबंकी, अभिनव सिंह पुंडीर, प्रादेशिक क्रीड़ा अधिकारी पुलिस, ललित उपाध्याय,ओलंपियन हांकी खेल,पुलिस उपाधीक्षक,उत्तर प्रदेश पुलिस,रंजीत राज खेल विशेषज्ञ,अविनाश कुमार,निरीक्षक प्रशिक्षक उत्तर प्रदेश पुलिस हांकी टीम की उपस्थिति में पूर्व से सेवारत उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षियों (महिला/पुरुष) को उत्तर प्रदेश पुलिस हांकी टीम में शामिल किया जाने हेतु ट्रायल का आयोजन १०वीं वाहिनी पीएसी के एस्टोटर्फ हांकी ग्राउंड पर किया गया जिसमे गठित कमेटी के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा गहन निरीक्षण के उपरांत उत्तर प्रदेश पुलिस हांकी टीम हेतु खिलाड़ियों(महिला/पुरुष) का चयन किया गया।

