महिला ने ससुरालयों पर दहेज की मांग के चलते मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान। एक महिला ने अपने ससुराल वालों पर दहेज की मांग के चलते मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया है। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर पीड़ित की ओर से पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराती के मजरा मचौना की मढैयां निवासी रुपवती पुत्री रामचरन का कहना है कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले नीरज निवासी गांव बचाऊ थाना गुन्नौर जनपद संभल के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था और चार लाख रुपए खर्च किए थे। ससुराल वाले शादी में दिए दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपए नगदी की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने लगे। वह इस समय करीब सात महीने की गर्भवती हैं। 10 अक्टूबर को वह अपने घर में लेटी थी तभी उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगे। शोर सुनकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने उसे बचाया। इसके बाद वह लोग बाइक से उसे उसके पिता के गांव मचौना की मढैयां छोड़ गए। आरोपितों ने धमकी दी कि दहेज न देने पर महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को खत्म कर दिया जाएगा। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब एसएसपी के आदेश पर महिला की ओर से उसके पति नीरज, जेठ प्रेमपाल, हरिओम, जेठानी रामवती, अंगूरी और ममिया ससुर लक्ष्मन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984*

