रामजी की निकली सवारी, रामजी की लीला है न्यारी बैंड बाजों, काली अखाड़ों के साथ निकली राम बरात दर्जनों यंत्रचालित और हस्तनिर्मित झांकियां रहीं शामिल
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान। नगर में चल रहे श्रीरामलीला महोत्सव में सोमवार को बैंडबाजों और काली अखाड़ों के साथ भगवान श्रीराम की बरात निकाली गई। बरात में शामिल करीब डेढ़ दर्जन झाकियां आकर्षण का केंद्र रही। राम बरात देखने के लिए ग्रामीण और नगर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की भी व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

श्री रामलीला कमेटी अध्यक्ष संतोष गांधी ने भगवान श्रीराम का तिलक कर रामलीला ग्राउंड से बरात की शुरूआत की। बारात में सबसे आगे गणेश जी की सजीव झांकी, उसके पीछे बग्घी पर सवार श्रीराम लक्ष्मण, राष्ट्रध्वज हाथ में लिए नन्हें मुन्ने बच्चों के बीच भारत माता, नृत्य करते राधा कृष्ण, बजरंग बली, भारत माता की रक्षा में तैनात भारतीय फौजी, श्रीकृष्ण सुदामा, अयोध्या में निर्मित राम मंदिर, अशोक वाटिका में बैठी मां सीता और हनुमान जी, नौ देवियों की झांकी लोगों को भाव विभोर कर रही थी। इसके अलावा करीब एक दर्जन काली अखाड़े लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। जहागीराबाद चौराहा, नयागंज, नवादा, कोतवाली, मुख्य बाजार विल्सन गंज, पठानटोला, चौधरी मुहल्ला, तहसील गेट होती हुई वापस रामलीला मैदान में राजा जनक के द्वार पर पहुंची। पालिकाध्यक्ष बाबर मियां के निर्देश पर बारात मार्ग पर विशेष सफाई कर चूना डलवाया गया। बारात के दौरान एसडीएम प्रेमपाल सिंह, कोतवाल सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की व्यवस्था चाक-चौबंद रही। शाम से ही ग्रामीण व नगर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने मुख्य बाजार समेत बरात मार्ग पर जगह जगह स्थान ग्रहण किया और देर रात तक बरात का आनंद उठाया। शोभायात्रा में प्रबंधक अतुल सक्सेना फौजी, अंबरीश वर्मा, सुभाष गौड़, अवढर शर्मा, पीयूष माहेश्वरी, चन्द्रपाल शाक्य, सुमित सक्सेना, देवेन्द्र प्रजापति, हर किशोर सागर, राम खिलाड़ी प्रजापति, उज्जवल बाल्मीकि, पुष्पेन्द्र कुमार, प्रतोष कुमार, सचिन आदि का विशेष सहयोग रहा।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984*

