अमरीका में कोरोना में ग्रस्त लोगों की संख्या लगभग 27 हज़ार तक पहुंची, साढ़े तीन सौ मरे

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ

अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या बड़ी तेज़ी से बढ़ती जा रही है।अमरीका के संचार माध्यमों के अनुसार इस देश में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या 26,867 तक पहुंच गई है जबकि मरने वालों की संख्या बढ़ कर 348 हो गई है। अमरीका में कोरोना वायरस के कारण आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है जबकि अमरीका व उसके पड़ोसी देशों की सीमाएं भी बंद कर दी गई हैं। अमरीका के सभी राज्यों में कोरोना वायरस पहुंच चुका है जिनमें सबसे ज़्यादा मामले न्यूयाॅर्क में सामने आए हैं। न्यूयाॅर्क राज्य मे कोरोना वायरस में ग्रस्त लोगों की संख्या 12 हज़ार से अधिक है।

इस बीच अमरीका के उप राष्ट्रपति माइक पेन्स का कोरोना का  टेस्ट निगेटिव आया है। पेन्स की प्रवक्ता केटी मिलर ने एक बयान जारी करके कहा है कि उप राष्ट्रपति माइक पेन्स और उनकी पत्नी केरेन पेन्स का कोरोना टेस्ट किया गया और उसका जवाब नकारात्मक आया है। इससे पहले पेन्स ने कहा  था कि उनके कार्यालय के स्टाफ़ में से एक व्यक्ति का कोरोना टेस्ट पाॅज़िटिव आने के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी ने कोरोना से संक्रमण का टेस्ट दिया है।

Don`t copy text!