एक छात्र ने कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवताओं समेत धर्मग्रंथो पर आपत्तिजनक टिप्पणी की जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान । इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। इसमें एक छात्र ने कार्यक्रम के दौरान हिंदू देवताओं समेत धर्मग्रंथों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। वीडियो डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आक्रोश जताया है। छात्र ने इस कृत्य की माफी भी मांगी है।

मामला सहसवान के राजकीय पालीटेक्निक का है। यहां छह दिसंबर को डॉ. आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ था। इसमें छात्रों ने अपने-अपने विचारों के माध्यम से डॉ. आंबेडकर के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। इसी बीच वहां पालीटेक्निक प्रथम वर्ष का छात्र भी अपने विचार रखने पहुंचा था। छात्र ने अपने विचारों की शुरुआत ही गीता, रामायण और संविधान की तुलना से की। इसके बाद भगवान राम और कृष्ण की तुलना भी बाबा साहब आंबेडकर से की। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार ने बताया कि इस टिपण्णी के बाद कार्यक्रम बंद करवा दिया गया था। छात्र ने माफी भी मांगी थी। छात्र को एक सप्ताह के लिए रेस्टीकेट कर दिया गया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर पुलिस गई थी। छात्र ने माफी मांग ली थी, पुलिस बुलाने वाले छात्र भी संतुष्ट हो गए थे।

*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं*

Don`t copy text!