बदायूं। बिसौली थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव मानपुर में बीती रात मामूली कहासुनी को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट और ईंट पत्थर चले। झगड़े में कई राउंड गोलियां चलने की भी खबर है। मारपीट में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ कर थाने ले आई।
मंगलवार की रात ग्राम मानपुर में परचूनी की दुकान पर दो गुटों के लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि गांव में एक हिस्ट्रीशीटर और उसके विरोधी का लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों गुटों के कुछ लोग गांव में एक परचूनी की दुकान पर कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। मामला बढ़ा तो मारपीट और ईंट पत्थर चलने लगे। ईंट पत्थर चलने से गांव की कांति देवी और हरिद्वारी लाल घायल हो गए जिनको उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। इसी बीच किसी अराजक तत्व ने हवाई फायर कर दिया। कुछ ही देर में गांव से कई फायर होने शुरु हो गए। सूचना मिलते ही थाने के एसओ वेदपाल सिंह मय फोर्स के गांव में पहुंच गए। पुलिस आधा दर्जन लोगों को थाने ले आई। बता दें कि ग्राम मानपुर का राजनैतिक गलियारों में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। सपा के जिलाध्यक्ष रहे मिनी मुख्यमंत्री के रुप में पहचान रखने वाले बनवारी सिंह यादव का यह पैतृक गांव हमेशा ही विवादो में रहा है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बदायूं 9719216984

