दोहरे हत्याकांड का पांचवां हत्यारोपी रामऔतार को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रेमी युगल की बेरहमी से हत्या को अंजाम देने के बाद चल रहा था फरार
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र में गांव परौली में प्रेमी युगल हत्याकांड का पांचवां आरोपी रामऔतार भी शुक्रवार सुबह पकड़ा गया। उसकी तलाश में थाने की दो टीमें लगी हुईं थीं। लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिशें दी जा रहीं थीं। उसे दोपहर बाद जेल भेज दिया गया।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव परौली में मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे जयपाल और उसकी प्रेमिका नीतू की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में जयपाल के पिता सूरजपाल ने नीतू के पिता महेश, मां भागवती, दादा रामऔतार समेत दो नाबालिग भाइयों के खिलाफ एफआईआर कराई थी। महेश ने हत्या करने के बाद थाने में सरेंडर कर दिया था, जबकि उसकी पत्नी भागवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें मंगलवार को ही जेल भेज दिया गया था।अगले दिन नीतू का नाबालिग बड़ा भाई पकड़ा गया था। पुलिस ने उसे बरेली के बाल सुधार गृह भेज दिया। बृहस्पतिवार को उसके छोटे भाई को भी पुलिस ने पकड़ लिया था। फिर उसे भी बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पांचवां आरोपी रामऔतार फरार था, जिसे थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह गांव के नजदीक से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर आला कत्ल डंडा बरामद किया है। दोपहर बाद उसे भी जेल भेज दिया गया। अब थाना पुलिस इस हत्याकांड में चार्जशीट लगाने की तैयारी में है।
चकनाचूर हो गया था सिर, कई जगह से टूटी हड्डियां:- हत्यारोपियों ने जयपाल और नीतू के शरीर पर पूरा गुस्सा उतार दिया था।फावड़ा और लाठी-डंडे लगने से जयपाल का सिर चकनाचूर हो गया था। दोनों के शरीर की कई हड्डियां टूट गईं थीं। जयपाल के हाथ, कंधे और पीठ पर रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर था।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) बदायूं 9719216984*

