मसौली बाराबंकी । शहर के बेगमगंज मुहल्ले मे पुराने निबलेट स्कूल के पीछे स्थित लेडी डाक्टर बंगले की वेशकीमती सरकारी जमीन को धोखाधड़ी करके खरीद फरोख्त करने के पुख्ता सबूत मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने मसौली ब्लाक प्रमुख व गैंगस्टर रईस अहमद सहित 14 अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है वहीं सपा के उक्त ब्लाक प्रमुख अपने बचाव के लिए भाजपा के दामन को थामने के लिए हाथ पैर मार रहे हैं ।
ज्ञात हो कि उक्त जमीन गाटा संख्या 199 रकबा 3 बीघा 19 बिस्वा 3 बिस्वांशी सरकारी दस्तावेजों मे “प्रेसीडेंट नगर पालिका परिषद नवाबगंज लेडी बंगला के नाम दर्ज है । नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ सहायक कुलदीप की ओर से दर्ज करायी गई एफ आई आर मे कहा गया है कि उक्त भूमि पर अवैध कब्जा करने की नीयत से एवं सार्वजनिक संम्पति को खुर्द बुर्द करने के कुत्सित उद्देश्य से भूमि का अनधिकृत क्रय विक्रय किया जा रहा है ।
रजिस्ट्री विभाग और तहसील से प्राप्त विवरण के अनुसार सईदा फातिमा द्वारा क्रेता शाहे आलम ,व नवीन राठौर , थाना सफदर गंज अन्तर्गत पल्हरी के रफी अहमद, सईद अहमद, मेराज अहमद, रईस अहमद, सिविल लाइन के अनुल अजीज ,शुक्लाई की निगहत परवीन ,इचौली के मोहम्मद कमाल , पीरबटावन के हाजी अब्बसारूल अंसारी ,अफसारूल हक अंसारी , बंकी के मोहम्मद तैय्यब व पीरबटावन के खलीलुलरहमान आदि 14 लोग उक्त भूमि के क्रय विक्रय मे संलिप्त पाये गये हैं जिनके विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है ।
अपने गुनाहों पर पर्दा डालने और, बचाव की जुगत के लिए गैंगस्टर ब्लाक प्रमुख रईस अहमद ने भाजपा का रूख किया लेकिन क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं के कड़े रूख के कारण भाजपा की जिला इकाई से उन्हे रेड सिग्नल दिखा दिया गया ।
गत दिवस विकास खण्ड मसौली के ग्राम मूंजा पुर स्थित सन्त कबीर अध्यात्म संस्थान विशाल नगर मे प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के आगमन पर उक्त ब्लाक प्रमुख व गैंगस्टर रईस अहमद अपनी पैठ बनाने के लिए मंत्री जी के आगे -पीछे लगे दिखे ।

