अमरीका के थ्योडर रोज़वेल्ट विमानवाहक पोत के बाद अब फ़्रांस के चार्ल डीगल पोत पर कोरोना का साया, शुरू हो गई नौसैनिकों की जांच
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
फ़्रांस के सैनिक मामलों के मंत्रालय ने एलान किया है कि इस देश के विमानवाहक पोत चार्ल डीगल पर मौजूद नौसैनिकों का कोरोना टेस्ट शुरू किया जा रहा है और जो भी नौसैनिक संक्रमित पाया गया उसे क्वैरेंटाइन में भेजा जाएगा।
मंत्रालय ने बताया कि बुधवार से विशेषज्ञों की टीम विमानवाहक पोत पर अपना काम शुरू कर रही है। यह पोत इस समय एटलांटिक महासागर में मौजूद है और उसे फ़्रांस की तूलून बंदरगाह की ओर रवाना कर दिया गया है। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि विमान वाहक पोत पर जिन नौसैनिको में कोरोना के लक्षण दिखाई दिए हैं उन्हें अभी से क्वैरेंटाइन में रख दिया गया है।
फ़्रास के सैनिकों में अब तक 600 संक्रमित मिल चुके हैं अलबत्ता किसी सैनिक की मौत नहीं हुई है।
फ़्रांसीसी अधिकारियों का कहना है कि चार्ल डीगल विमानवाहक पोत ज़रूरी उपकरणों से लैस है।
इससे पहले अमरीका के थ्योडर रोज़वेल्ट विमानवाहक पोत में भी नौसैनिकों में कोरोना वायरस फैल गया जिसके बाद इस पर सवार सारे नौसैनिकों को गुआम द्वीप में उतार कर क्वैरेंटाइन में भेज दिया गया।

