ट्रम्प ने कहा चीन को ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा, अमरीकी सेनेट का एलान कि चीन के साथ ही ट्रम्प और डबल्यूएचओ के रवैए की भी होगी जांच!
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने चीन को फिर धमकी दी है कि कोरोना वायरस के मामले में दुनिया को कथित रूप से गुमराह करने का उसे ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा।
ट्रम्प ने यह धमकी ऐसे समय में दी है कि जब अमरीकी सेनेट ने कोरोना वायरस के चलते पैदा होने वाली स्वास्थ्य त्रासदी के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सीबीएस टीवी चैनल की पत्रकार पाओला रीड ने ट्रम्प से सवाल किया कि महामारी के दौरान ग़लत जानकारियां देने पर बीजिंग को ख़मियाज़ा क्यों नहीं भुगतना पड़ रहा है तो इस पर ट्रम्प का कहना था कि चीन को ख़मियाज़ा भुगतना पड़ेगा लेकिन मैं आपको इस बारे में क्यों बताऊं? ट्रम्प ने भड़क कर कहा कि आपको क्या पता कि चीन को ख़मियाज़ा नहीं भुगतना पड़ रहा है? आपको बाद में मालूम होगा।
दूसरी ओर सेनेट में यह जांच शुरू हो गई है कि कोरोना वायरस की शुरुआत कहां से हुई और इस महामारी को रोकने के लिए अमरीकी सरकार की ओर से क्या क़दम उठाए गए? सेनेट की होमलैंड सेक्युरिटी एंड गवर्नमेंटल अफ़ेयर्ज़ कमेटी के प्रमुख रान जोन्सन ने कहा कि जांच में कड़े सवाल किए जाएंगे कि अमरीकी सरकार हेल्थ क्राइसिस को हैंडल करने के लिए पूरी तरह तैयार क्यों नही थी? उन्होंने कहा कि सेनेट की जांच में चीन और डब्ल्यूएचओ के कामकाज का बारीकी से जायज़ा लिया जाएगा।
जोन्सन ने कहा कि हमें यह पता करना है कि इस वायरस की शुरुआत कहां से हुई? क्या यह जानवर से इंसान में पहुंचा? क्या यह चीन में मौजूद किसी लेबोरेट्री से बाहर आया? उन्होंने कहा कि हम यह भी जायज़ा लेंगे कि इन चीज़ों को कवर करने में डब्ल्यूएचओ की क्या भूमिका हो सकती थी?

