इस्लामनगर, बदायूँ।अली पब्लिक स्कूल, इस्लामनगर में 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती तरन्नुम मसरोर चौधरी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। उनके निरंतर प्रोत्साहन, निर्देशन एवं सहयोग से यह समारोह विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए अत्यंत यादगार एवं भावपूर्ण रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के समक्ष श्रद्धापूर्वक किया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती तरन्नुम मसरोर चौधरी एवं शिक्षकगण द्वारा डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात मंगल दीप प्रज्वलित किया गया, जो ज्ञान, प्रकाश एवं शिक्षा का प्रतीक है। तत्पश्चात डॉ. राधाकृष्णन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए प्रार्थना की गई।
इसके बाद प्रातःकालीन सभा के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्या श्रीमती तरन्नुम मसरोर चौधरी एवं शिक्षकगण द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार की सामूहिक सहभागिता ने समारोह की गरिमा और उत्साह को और बढ़ाया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की हेड गर्ल तमन्ना खान ने किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली एवं भावपूर्ण शब्दों से प्रधानाचार्या, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा शिक्षकों के अमूल्य योगदान और विद्यार्थियों के जीवन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा अनेक रंगारंग एवं मनोरंजक प्रस्तुतियाँ दी गईं। समूह नृत्य, समूह गीत तथा जोक्स एवं हास्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उमंग और उल्लास भर दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “डुप्लीकेट टीचर्स” रैम्प वॉक एवं एक्ट रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षकों की बोलने की शैली, हाव-भाव तथा कक्षा में पढ़ाने के अंदाज़ को मनोरंजक रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने सभी को खूब हँसाया और शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता को और मजबूत किया।
इसके पश्चात शिक्षकों की विशिष्ट प्रतिभाओं एवं व्यक्तित्व को सम्मानित करने के लिए Teachers’ Titles Ceremony आयोजित की गई। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों को विभिन्न रोचक एवं स्नेहपूर्ण उपाधियाँ प्रदान की गईं। यह सम्मान शिक्षकों के प्रति विद्यार्थियों के प्रेम, सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक रहा।
उपाधि प्राप्त करने के पश्चात शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ अपने विचार, अनुभव एवं भावनाएँ साझा करने का अवसर दिया गया। शिक्षकों के प्रेरणादायक एवं भावपूर्ण शब्दों ने समारोह को और अधिक यादगार बना दिया।
विद्यार्थियों के बालक वर्ग द्वारा विशेष प्रस्तुति भी दी गई, जो शिक्षकों को समर्पित थी। कार्यक्रम को और भी विशेष बनाते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती तरन्नुम मसरोर चौधरी ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए एक विशेष गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थी परिषद द्वारा Vote of Thanks प्रस्तुत किया गया। प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इसके पश्चात शिक्षक दिवस समारोह का अगला आकर्षण Teachers’ Day Carnival रहा। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न खाने-पीने के स्टॉल, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर इस अवसर को आनंद, सहयोग एवं आपसी प्रेम से भर दिया।
संपूर्ण कार्यक्रम प्रधानाचार्या श्रीमती तरन्नुम मसरोर चौधरी के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। उनके प्रोत्साहन से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने का सुंदर अवसर मिला।
समारोह का समापन हर्ष एवं उल्लास के साथ हुआ और यह संदेश दिया गया कि—
“शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, वे विद्यार्थियों के चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

