सांड ने कोतवाली में मारी ऐंट्री…आवासीय तीसरी बिल्डिंग पर जा पहुंचा, सांड को नीचे उतारने पर पुलिसकर्मी व नगरपालिका कर्मियों के हाथ-पांव फूले पशु-प्रेमियों ने नशीला इंजेक्शन लगाकर सांड को बिल्डिंग से नीचे उतारा
मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं
उझानी। कोतवाली की आवासीय बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की छत पर कल मंगलवार दोपहर को एक सांड़ चढ़ गया।इससे पुलिस कर्मियों में अफरा तफरी मच गई।सांड़ को नीचे उतारने में पुलिस कर्मी व नगर पालिका कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए।पशु प्रेमियों ने नशीला इंजेक्शन लगाकर सांड़ को तीन घंटे की मशक्कत के बाद नीचे उतारा।
मंगलवार दोपहर एक सांड़ सीढ़ियों के जरिए चढ़ते हुए भवन की तीसरी मंजिल की छत पर पहुंच गया। सांड़ को छत पर देखते ही पुलिस कर्मियों में भगदड़ मच गई। वह उसे उतारने का प्रयास करते रहे, लेकिन कामयाब नहीं हुए। सूचना पर नगर पालिका कर्मचारियों ने चारा दिखाते हुए उसे छत से नीचे लाने की कोशिश की,लेकिन वह इधर-उधर छत पर दौड़ने लगा।इससे उसके नीचे गिरने की आशंका बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पशु प्रेमी संस्था उझानी हेल्पिंग के सदस्य श्याम शर्मा, आशीष श्रीवास्तव, सभासद अविनाश शर्मा के साथ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक माहेश्वरी को बुलाया गया।
टीम ने सांड़ को बेहोशी का इंजेक्शन लगाया।थोड़ी देर में वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में रस्सी की मदद से सीढ़ियों से नीचे उतारा गया।उसे पेट के बल खिसकाते हुए नीचे लाया गया।करीब तीन घंटे की मशक्कत के सांड को उतारा गया। सीढ़ियों से घसीटने से वह घायल हो गया।पशु चिकित्सक ने उसका इलाज किया।इसके बाद उसकी नसबंदी की गई। सांड को होश आने पर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।
मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं

