नगर पालिका परिषद सहसवान में विकेंद्रीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

मुकीम अहमद अंसारी

सहसवान। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) उत्तर प्रदेश के अंतर्गत नगर पालिका परिषद सहसवान द्वारा विकेंद्रीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महीने तक चलने वाला क्षमता संवर्धन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ कर दिया गया है।

प्रभारी सफाई निरीक्षक अब्दुल फरीद खां ने बताया यह प्रशिक्षण 01 अगस्त 2025 से 30 अगस्त 2025 तक नगर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इस श्रृंखला के तहत आज वार्ड नंबर-2 में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों को उनके घरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे को स्रोत पर ही पृथक (Source Segregation) करने का प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले मास्टर ट्रेनर्स ने नागरिकों को बताया कि कूड़े को किस प्रकार तीन वर्गों—गीला (हरित डिब्बा), सूखा (नीला डिब्बा), और स्वास्थ्य जोखिमयुक्त कचरा (लाल डिब्बा)—में अलग किया जाए, ताकि नगर में अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया अधिक कुशल और पर्यावरण अनुकूल बन सके।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ राजेश कुमार ने स्वच्छता निरीक्षकों की देखरेख में इस प्रशिक्षण शिविर में मोहल्ला समिति, स्वयंसेवी संस्थाएं, और सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे। स्थानीय महिलाओं, युवाओं और दुकानदारों ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई।

पालिका के प्रभारी राजस्व निरीक्षक कमर जमशेद ने बताया कि सफाई के क्षेत्र में नगर पालिका सहसवान को जिला बदायूं में पहला स्थान प्राप्त हुआ है।

नगर पालिका अध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बाबर मियां ने जानकारी दी कि,
इस 1 महीने में विशेष अभियान के माध्यम से हम नगर के प्रत्येक बाढ़ में नागरिकों को न केवल जागरुक कर रहे हैं बल्कि उन्हें प्रशिक्षित भी कर रहे हैं ताकि सहसवान स्वच्छता के क्षेत्र में एक मॉडल नगर बन सके।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!