सहसवान, बदायूं। जनपद बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव आनंदीपुर और अल्हैदादपुर के जंगलों के बीच स्थित एक कुएं में गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिले। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
*बजरंग दल और पशु प्रेमियों ने दी पुलिस को सूचना।*
गौकशी की आशंका की सूचना बजरंग दल और पशु प्रेमियों की टीम को मिली थी। सूचना मिलते ही पशु प्रेमी डॉ. विकेंद्र शर्मा और उनकी टीम मौके पर पहुंची। कुएं में अवशेष देखकर सभी लोग दंग रह गए और तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को खबर दी गई।
*पुलिस-प्रशासन हरकत में, जेसीबी से निकाले गए अवशेष।*
सूचना पाते ही पीआरवी पुलिस, थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए। मौके की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने जेसीबी मशीन बुलवाई और कुएं से अवशेष बाहर निकलवाए। साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारी को भी मौके पर बुलाया गया। डॉक्टरों की टीम ने मौके से सैंपल लेकर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
*चार गौवंशीय पशुओं के सिर बरामद।*
पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने बताया कि कुएं से अब तक चार गौवंशीय पशुओं के सिर बरामद हुए हैं। आशंका है कि और भी अवशेष कुएं से बरामद हो सकते हैं। पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र को घेर लिया है और जांच प्रक्रिया जारी है।
*देर रात सूचना के बाद मचा हड़कंप।*
बताया जा रहा है कि देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने बजरंग दल और पशु प्रेमियों को इस घटना की जानकारी दी थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात देखे और फिर तुरंत थाना पुलिस को सूचित किया।
*आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।*
फिलहाल पुलिस ने बरामद अवशेषों को दफन करा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। सहसवान कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

