बीमा राशि लेने के लिए मोबाइल शॉप मलिक ने चोरी का ड्रामा कर लाखों के मोबाइल चोरी होने का थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

मुकीम अहमद अंसारी

बिसौली,बदायूं। बीमा की राशि लेने के लिए मोबाइल शॉप मालिक ने चोरी का ड्रामा रच दिया। लाखों के मोबाइल चोरी होने की थाने में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। शक होने पर पुलिस ने जब कड़ी पूंछताछ की तो पूरी कहानी उजागर हो गई। पुलिस ने मदनज़ुड़ी गांव के श्मशान में बनी कमरे से सभी मोबाइल बरामद कर लिए। अब आरोपी दुकानदार के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। यहाँ बता दें कि नगर के बिल्सी रोड पर भुवनेश मोबाइल शॉप है। दुकान मालिक भुवनेश ने गुरुवार को थाने में तहरीर देकर 36 स्मार्ट फोन और 24 कीपेड फोन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। तहरीर में भुवनेश ने दुकान का ताला न टूटने की बात कही थी। इसी बात को लेकर पुलिस को शक हो गया। सीओ सुनील कुमार सिंह और कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने भुवनेश से सख्ती से पूंछताछ की तो पूरा मामला उजागर हो गया। भुवनेश ने पुलिस को बताया कि दुकान का बीमा है। आर्थिक तंगी के चलते यह कहानी गड़ी गई। पूरी घटना का खुलासा होने पर पुलिस ने चैन की सांस ली। भुवनेश के बताने पर उपनिरीक्षक राममेहर सिंह और अमित चौहान, कॉन्स्टेबिल राजीव कुमार और रवि कुमार ने श्मशान में बने कमरे से सभी मोबाइल बरामद कर लिए। सीओ सुनील कुमार और कोतवाल राजेंद्र पुंडीर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!