विद्यालय के संस्थापक अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामशरण वैद्य का जन्म दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
मुकीम अहमद अंसारी
बिसौली,बदायूं। रामशरण वैद्य आदर्श इंटर कॉलेज मई-बसई में गुरुवार को विद्यालय के संस्थापक अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. रामशरण वैद्य का जन्म दिवस वार्षिकोत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा लोक नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को नगद धनराशि देकर पुरस्कृत भी किया गया। वार्षिकोत्सव का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक अखिलेश कुमार शर्मा एवं अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलन के साथ किया। तत्पश्चात प्रबंध समिति के समस्त सदस्यों द्वारा विद्यालय के संस्थापक की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी साथ ही विद्यालय तथा समाज के कल्याणार्थ रामचरितमानस पाठ एवं वैदिक यज्ञ का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में कक्षाओं में प्रथम आने वाले 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रबंध समिति के सदस्यों एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप छात्रवृत्ति प्रदान की गयी। वहीं बुधवार को सम्पन्न हुए तीन दिवसीय स्काउट-गाइड शिविर में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक आचार्य अखिलेश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा की अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रूप देते हैं, हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ इंद्रदेव त्रिवेदी ने शिक्षा के साथ संस्कार व सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ घनश्याम दास ने सभी अतिथियों और आगंतुकों का धन्यवाद किया। वार्षिकोत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां, नृत्य, गीत एवं नाट्य मंचन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों द्वारा अत्यंत सराहा गया। एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय में अनुशासन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस अवसर पर डॉ प्रवीण शर्मा, सुधांशु शर्मा, मुनीश शर्मा, सर्वेश शर्मा, तरुण शर्मा, गोपाल शर्मा, अनुपम शर्मा, मधु शर्मा, सुधाकर शर्मा, मनोज कुमार, प्रकाशवीर, विषवेश पाठक, विपिन शर्मा, आनन्द सिंह, रऊफ अहमद, रेनू, शिवानी, साक्षी, अंशिका,अमित पाराशरी, आशीष सहित समस्त स्टॉफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता रामाधार शर्मा व हरदीप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

