अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के करंट की चपेट में आने से बैल की मौत, लोगों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप।
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान, बदायूं। नगर के मोहल्ला शहबाजपुर कटरा में शनिवार को कछला चौराहे से शहबाजपुर आ रही एक बुग्गी का बैल अंडरग्राउंड विद्युत लाइन से फैले करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर यूपी-112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।मोहल्लेवासियों का आरोप है कि बारिश के दौरान इस क्षेत्र की बिजली सप्लाई पहले एहतियात के तौर पर बंद कर दी जाती थी, लेकिन इस बार कई बार फोन कर सूचना देने के बावजूद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सप्लाई बंद नहीं की। लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही के चलते अंडरग्राउंड लाइन में करंट फैल गया और उसकी चपेट में आने से बैल की मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि शनिवार सुबह भी एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। बिजली के एक बॉक्स में करंट उतर आने से एक किशोर उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। इसके बावजूद विभाग ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।घटना से आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही क्षेत्र की अंडरग्राउंड विद्युत लाइन और बिजली व्यवस्था की तत्काल जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग भी की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

