फकीरों के भेष में करते थे रैकिंग, फिर रात में पांच ट्यूबवेलों पर धावा; स्टार्टर और केबल चोरी से किसानों में दहशत

मुकीम अहमद अंसारी

मुजरिया,बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम दीनापुर में शुक्रवार देर रात चोरों ने एक ही रात में पांच अलग-अलग किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर स्टार्टर और बिजली की केबल चोरी कर ली। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से किसानों में दहशत और आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठाए हैं।पीड़ित किसानों में अमर सिंह पुत्र सुखराम, झंडू पुत्र शादीराम, रामौतार पुत्र यादराम, राकेश पुत्र रोशन तथा मदनलाल पुत्र जगराम शामिल हैं। शनिवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों से स्टार्टर और केबल गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।पीड़ित पक्ष की ओर से पुष्पेंद्र पुत्र अमर सिंह ने मुजरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का आरोप है कि चोरी कोई सामान्य वारदात नहीं, बल्कि पहले से की गई रेकी का नतीजा है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से फकीरों के भेष में कुछ युवक गांव में घूमते दिखाई दे रहे थे, जो घरों और खेतों की गतिविधियों पर नजर रखते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, ऐसा ही एक संदिग्ध युवक सहसवान क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसकी रेकी के बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाती और रात्रि गश्त प्रभावी होती, तो इतनी बड़ी चोरी की घटना नहीं होती। किसानों ने पुलिस प्रशासन से चोरों का शीघ्र खुलासा करने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

 

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!