बाराबंकी । जैदपुर थाना क्षेत्र के पाटमऊ मजरे रामपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गांव निवासी फूलचंद का करीब 4 वर्षीय पुत्र किशन खेल रहा था, तभी गांव का ही एक युवक भूसा लेकर पिकअप वाहन से वहां पहुंचा।
आरोप है कि पिकअप वाहन को पीछे करते समय मासूम किशन पहिए के नीचे आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि घटना के बाद चालक ने घायल बच्चे की ओर ध्यान नहीं दिया और वाहन खड़ा कर घर चला गया। इस दौरान वहां साथ खेल रहे बच्चों ने घायल किशन को उसके घर पहुंचाया। बच्चे की गंभीर हालत देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

