लखनऊ । उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए घर-घर जाकर लोगों की जांच करने और संदिग्ध लक्षणों वाले लोगों के नमूनों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव ही रोग का उपचार है, इसकारण मास्क लगाना तथा सामाजिक दूरी का पालन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों को कोविड-19 के बचाव के संबंध में निरंतर जागरुक करने के निर्देश देकर कहा कि इसके लिए पोस्टर-बैनर के साथ-साथ प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सहयोग लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर, झांसी और मथुरा में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि झांसी जिले में विशेष सचिव स्तर के नोडल अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी संक्रमण को नियंत्रित करने की प्रभावी रणनीति तैयार करें। उन्होंने कहा कि संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए ट्रेन व हवाई जहाज से आने वाले यात्रियों की चिकित्सकीय जांच की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Related Posts

